newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

BBC Income Tax : BBC के टैक्स दस्तावेजों में प्राप्त हुई कई तरह की खामियां, सर्वे के बाद आयकर विभाग का बयान आया सामने

BBC Income Tax : केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने मीडिया संगठन का नाम लिए बिना बयान में कहा कि आयकर दलों ने कर्मचारियों के बयान, डिजिटल सबूत और दस्तावेजों के रूप में महत्वपूर्ण सबूतों का पता लगाया है। अधिकारियों ने कहा कि यह बयान ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (बीबीसी) से संबंधित है।

नई दिल्ली। पीएम मोदी के ऊपर बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री पर हुए विवाद के बीच बीबीसी के दफ्तरों पर हाल ही में इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की टीमें पहुंची थी। करीब 60 घंटों तक आयकर विभाग की टीमों ने सर्वे किया था और कई दस्तावेजों को खंगाला था। अब आईटी डिपार्टमेंट का कहना है कि बीबीसी की टैक्स अदायगी में खामी पाई गई है। विभाग के मुताबिक यह गड़बड़ियां ट्रांसफर प्राइसिंग के दस्तावेजों में पाई गई हैं। आईटी डिपार्टमेंट के सूत्रों के मुताबिक जांच के दौरान कुछ अहम सबूत पाए गए हैं, जिनसे दस्तावेजों में खामी की बात पता चलती है। कर्मचारियों के बयानों, डिजिटल प्रूफ और दस्तावेजों के आधार पर कुछ जानकारियां मिली हैं, जिनसे इन खामियों की जानकारी प्राप्त हुई है।

आपको बता दें कि इस कार्रवाई के बारे में आयकर विभाग ने जानकारी देते हुए बताया, ‘दस्तावेजों में समूह की आय और मुनाफा जो अलग-अलग कंपनियों के जरिए दिखाया गया है, वह भारत में उसके कामकाज के पैमाने से मेल नहीं खाता है। ट्रांसफर प्राइसिंग के डॉक्युमेंटेशन में कई खामियां पाई गई हैं।’ सीबीडीटी की तरफ से जारी बयान में कहा गया, ‘इंटरनेशनल मीडिया के कंपनी के दिल्ली और मुंबई स्थित परिसरों पर आईटी ऐक्ट के तहत छापेमारी की गई थी। इसके मुताबिक कॉन्टेंट की पर्याप्त खपत के बावजूद, विभिन्न समूह संस्थाओं द्वारा दिखाई गई आय/लाभ भारत में ऑपरेशन के पैमाने के हिसाब से ठीक नहीं है।

bbc

जानकारी के लिए आपको बता दें कि विभाग का यह बयान आयकर अधिकारियों की तरफ से ब्रिटिश मीडिया इकाई के खिलाफ तीन दिन तक चले सर्वेक्षण के एक दिन बाद आया है। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने मीडिया संगठन का नाम लिए बिना बयान में कहा कि आयकर दलों ने कर्मचारियों के बयान, डिजिटल सबूत और दस्तावेजों के रूप में महत्वपूर्ण सबूतों का पता लगाया है। अधिकारियों ने कहा कि यह बयान ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (बीबीसी) से संबंधित है। बयान के मुताबिक सर्वेक्षण के दौरान कई विसंगतियां पाई गईं। सर्वेक्षण 14 फरवरी को दिल्ली और मुंबई स्थित बीबीसी कार्यालयों में शुरू किया गया था और गुरुवार रात लगभग 60 घंटों के पश्चात खत्म हो गया।