newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Delhi: MCD ने दी अग्रिम मंजूरी, अब मुनरिका के पास पड़नेवाले मोहम्मदपुर का नाम होगा माधवपुरम

Delhi: दिल्ली के दक्षिणी नगर निगम ने अपने क्षेत्र में आनेवाले मोहम्मदपुर का नाम बदलकर माधवपुरम करने को मंजूरी प्रदान कर दी है। दक्षिणी दिल्ली नगर निगम की तरफ से यह कदम मुनिरका के पार्षद भगत सिंह टोकस के द्वारा इस मुद्दे को उठाए जाने के बाद लिए गए संज्ञान के बाद किया गया है।

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में हाल में इलाहाबाद, मुगलसराय, फैजाबाद का नाम बदलने के बाद उन्नाव की ग्राम पंचायत मियांगंज के नाम बदलने को लेकर भी संस्तुति कर दी गई है। मियांगंज के नाम को लेकर पहले ग्राम पंचायत की खुली बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया और फिर जिला कलेक्टर को इस मामले के लिए संस्तुति दी गई। जिसे डीएम की तरफ से शासन को भेज दिया गया। इसके बाद से इस तरह नाम बदलने की बातें और भी सामने आ रही हैं। इसी क्रम में आज एक ऐसी ही खबर दिल्ली से आई है। यह खबर दिल्ली के दक्षिणी दिल्ली नगर निगम की है। दक्षिणी दिल्ली नगर निगम की तरफ से मुनरिका के पास पड़नेवाले मोहम्मदपुर का नाम बदलने को लेकर अग्रिम मंजूरी प्रदान कर दी गई है।

दिल्ली के दक्षिणी नगर निगम ने अपने क्षेत्र में आनेवाले मोहम्मदपुर का नाम बदलकर माधवपुरम करने को मंजूरी प्रदान कर दी है। दक्षिणी दिल्ली नगर निगम की तरफ से यह कदम मुनिरका के पार्षद भगत सिंह टोकस के द्वारा इस मुद्दे को उठाए जाने के बाद लिए गए संज्ञान के बाद किया गया है। दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के सामने एक महीने पहले टोकस ने मोहम्मदपुर का नाम बदलने को लेकर प्रस्ताव दिया था। इस पूरे मामले को लेकर भगत सिंह टोकस ने बताया था कि जैसे ही उन्होंने इस मुद्दे को उठाया उन्हें धमकियां मिलने लगी।

टोकस ने इसकी शिकायत पुलिस में भी की थी। इसके बाद अब दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के मेयर मुकेश सूर्यन ने इस प्रस्ताव को अग्रिम मंज़ूरी दे दी है। दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के मेयर ने इस निर्णय को लेकर साफ कहा कि स्थानीय पार्षद की मांग और लोगों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए ये फैसला लिया गया है।

भगत सिंह टोकस ने इस नाम बदलने के प्रस्ताव देते हुए कहा था कि जब दिल्ली पर मुगल शासन कर रहे थे तब उन्होंने कई जगहों के नाम जबर्दस्ती बदले थे। इसी में एक मोहम्मदपुर गांव था। लेकिन यहां के स्थानीय लोग चाहते थे कि अब इसका नाम बदल देना चाहिए। टोकस ने बताया था कि गांव वाले चाहते हैं कि मोहम्मदपुर गांव का नाम माधवपुरम किया जाए। इसलिए उन्होंने इस पूरे मामले को ध्यान में रखकर यह मांग दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के समक्ष रखा।