newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

India Decides Ban On Pakistan Ships: पाकिस्तान पर मोदी सरकार का एक और एक्शन, जहाजों के बंदरगाहों में आने पर रोक; भारत के जहाज भी पड़ोसी देश नहीं जाएंगे

India Decides Ban On Pakistan Ships: पहलगाम हमले के बाद मोदी सरकार ने पहले ही पाकिस्तान के खिलाफ कड़े कदमों का एलान किया था। मोदी सरकार ने पाकिस्तान से हुए सिंधु जल समझौते को स्थगित कर दिया। साथ ही हर तरह के वीजा पर भारत आए पाकिस्तान के नागरिकों को लौटने का आदेश दिया गया है। भारत और पाकिस्तान के उच्चायोगों में स्टाफ की संख्या घटाई गई है। साथ ही एक-दूसरे के यहां दोनों देशों के उच्चायोगों में डिफेंस अताशे का पद भी रद्द कर दिया गया है।

नई दिल्ली। भारत ने शनिवार को पाकिस्तान के खिलाफ एक के बाद एक ताबड़तोड़ फैसले लिए। भारत ने पाकिस्तान के जहाजों के भारतीय बंदरगाहों पर आने और भारतीय जहाजों के पाकिस्तान के बंदरगाह जाने पर तत्काल रोक लगा दी है। भारत सरकार ने कहा है कि भारतीय परिसंपत्तियों, कार्गो और संबद्ध बुनियादी ढांचा की सुरक्षा के लिए ये प्रतिबंध लगाया गया है। सरकार जरूरी होने पर इस आदेश में परिवर्तन कर सकती है।

इससे पहले भारत ने पाकिस्तान से हर तरह के आयात पर तत्काल रोक लगा दी थी। भारत से पाकिस्तान को निर्यात भी नहीं किया जाता है। इसके अलावा भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ एक और बड़ा कदम उठाते हुए डाक और पार्सल सेवाओं पर भी प्रतिबंध लगा दिया है। पहलगाम हमले के बाद मोदी सरकार ने पहले ही पाकिस्तान के खिलाफ कड़े कदमों का एलान किया था। मोदी सरकार ने पाकिस्तान से हुए सिंधु जल समझौते को स्थगित कर दिया। साथ ही हर तरह के वीजा पर भारत आए पाकिस्तान के नागरिकों को लौटने का आदेश दिया गया है। भारत और पाकिस्तान के उच्चायोगों में स्टाफ की संख्या घटाई गई है। साथ ही एक-दूसरे के यहां दोनों देशों के उच्चायोगों में डिफेंस अताशे का पद भी रद्द कर दिया गया है।

पाकिस्तान परस्त आतंकियों ने 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम स्थित बैसरन घाटी में 26 पर्यटकों की हत्या की थी। जिसके बाद पीएम नरेंद्र मोदी को सऊदी अरब की यात्रा बीच में छोड़कर लौटना पड़ा था। इसके बाद 23 अप्रैल को पीएम मोदी ने सीसीएस की बैठक की थी और सिंधु जल समझौते समेत कई तरह के कड़े फैसले किए थे। पहलगाम नरसंहार के आतंकियों और उनके खैरख्वाहों को न बख्शने का बयान खुद पीएम मोदी दे चुके हैं। वहीं, पाकिस्तान के नेता लगातार युद्ध और खून बहाने की धमकी दे रहे हैं। पाकिस्तान की सेना ने उकसाने की कार्रवाई के तहत शनिवार को अपनी अब्दाली बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण भी किया है। अब्दाली बैलिस्टिक मिसाइल 450 किलोमीटर दूर तक मार कर सकती है।