newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Saif Ali Khan Attack Case: सैफ अली खान पर हमले का आरोपी शरीफुल पुलिस पूछताछ में उगल रहा एक-एक बात, जानिए कैसे एक्टर के घर दाखिल हुआ और वहां से भागकर कहां-कहां गया

Saif Ali Khan Attack Case: मुंबई पुलिस को मोहम्मद शरीफुल इस्लाम आजाद के बैग से हथौड़ा, पेचकस और नायलॉन की रस्सी भी मिली है। जिस चाकू से उसने सैफ अली खान पर हमला किया था उसे बच्चों के कमरे से पहले ही पुलिस बरामद कर चुकी है। इसी चाकू का 2.5 इंच का टुकड़ा टूटकर सैफ अली की पीठ में रीढ़ के पास धंसा रह गया था। जिसे डॉक्टरों ने सर्जरी कर निकाला है। सैफ अली खान पर 16 जनवरी की रात करीब 2.30 बजे हमला किया गया था।

मुंबई। एक्टर सैफ अली खान पर चाकू से जानलेवा हमला करने के आरोपी मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद से मुंबई पुलिस पूछताछ कर रही है। शरीफुल को मुंबई और ठाणे पुलिस ने ठाणे से शनिवार रात 2 बजे गिरफ्तार किया था। मुंबई पुलिस के एक अफसर के मुताबिक पूछताछ में शरीफुल ने बताया है कि सैफ अली खान पर हमला करने के बाद वो फरार होकर बांद्रा के एक बस स्टॉप पर सोया था। इसके बाद उसने लोकल ट्रेन पकड़ी और फिर मुंबई के वर्ली पहुंचा। सैफ अली खान के हमलावर शरीफुल ने पुलिस को बताया है कि सैफ के अपार्टमेंट में वो 7-8 मंजिल सीढ़ी चढ़कर गया। फिर वहां एक डक्ट और पाइप से 12वीं मंजिल पर पहुंचा। सैफ अली खान के घर वो बाथरूम की खुली खिड़की से घुसा था।

मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद ने पुलिस को बताया है कि सैफ अली खान के बाथरूम से वो बाहर आया, तो एक्टर के घर की महिला कर्मचारी ने उसे देखा। बच्चों की देखरेख करने वाली इस महिला कर्मचारी से शरीफुल की बहस हुई और उसने 1 करोड़ रुपए की मांग की। जिसके बाद सैफ अली खान पहुंचे और उसे पकड़ा। इस पर शरीफुल ने सैफ अली खान पर चाकू से कई वार किए। शरीफुल के मुताबिक सैफ ने फ्लैट को बंद कर दिया, लेकिन वो जिस रास्ते आया था उसी से भाग निकला। मुंबई पुलिस के मुताबिक शरीफुल चोरी के इरादे से आया था, लेकिन उसे पता नहीं था कि घर सैफ अली खान का है।

मुंबई पुलिस को मोहम्मद शरीफुल इस्लाम आजाद के बैग से हथौड़ा, पेचकस और नायलॉन की रस्सी भी मिली है। जिस चाकू से उसने सैफ अली खान पर हमला किया था उसे बच्चों के कमरे से पहले ही पुलिस बरामद कर चुकी है। इसी चाकू का 2.5 इंच का टुकड़ा टूटकर सैफ अली की पीठ में रीढ़ के पास धंसा रह गया था। जिसे डॉक्टरों ने सर्जरी कर निकाला है। सैफ अली खान पर 16 जनवरी की रात करीब 2.30 बजे हमला किया गया था। उनको लहुलुहान हालत में मुंबई के लीलावती अस्पताल में दाखिल कराया गया था।