newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

PM Modi on Agriculture Bills: ‘किसानों से झूठ बोल रहा विपक्ष, मनगढ़ंत बातें करके बिल के विरोध में इन्हें उतारा जा रहा…’

Narendra Modi on Agriculture Bills पीएम मोदी(PM Modi) ने शुक्रवार को कोसी रेल महासेतु का उद्घाटन( Kosi Rail Mega Bridge Inauguration) के दौरान कृषि सुधार विधेयक पर अपनी बात रखी। उन्होंने साफ किया कि किसानों के विरोध में ये बिल नहीं है।

नई दिल्ली। खेती-किसानी से जुड़े कृषि सुधार विधेयक को गुरुवार को पारित किया गया। इसको लेकर विपक्ष केंद्र सरकार पर हमलावर है। इसके चलते देशभर में किसानों का विरोध देखा जा रहा है। किसान इसे वापस लेने की मांग कर रहे हैं। इसी को देखते हुए पीएम मोदी ने शुक्रवार को कोसी रेल महासेतु का उद्घाटन के दौरान कृषि सुधार विधेयक पर अपनी बात रखी। उन्होंने साफ किया कि किसानों के विरोध में ये बिल नहीं है। विपक्ष किसानों से झूठ बोल रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि, “मैं देश के किसानों को इन विधेयकों के लिए बधाई देता हूं। किसान और ग्राहक के बीच जो बिचौलिए होते हैं, जो किसानों की कमाई का बड़ा हिस्सा खुद ले लेते हैं, उनसे बचाने के लिए ये विधेयक लाए जाने बहुत आवश्यक थे। ये कृषि सुधार विधेयक किसानों के लिए रक्षा कवच बनकर आए हैं। लेकिन कुछ लोग जो दशकों तक सत्ता में रहे हैं, देश पर राज किया है, वो लोग किसानों को इस विषय पर भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं, किसानों से झूठ बोल रहे हैं।”

Modi Mahasaetu

लोग झूठ फैलाने पर उतर आए हैं

उन्होंने कहा कि, “कल विश्वकर्मा जयंती के दिन लोकसभा में ऐतिहासिक कृषि सुधार विधेयक पारित किए गए हैं। इन विधेयकों ने हमारे अन्नदाता किसानों को अनेक बंधनों से मुक्ति दिलाई है। इन सुधारों से किसानों को अपनी उपज बेचने में और ज्यादा विकल्प और ज्यादा अवसर मिलेंगे।” पीएम मोदी ने कहा कि, “जिन एग्रीकल्चर मार्केट के प्रावधानों में बदलाव का वो विरोध कर रहे हैं, उसी बदलाव की बात इन लोगों ने अपने घोषणापत्र में भी लिखी थी। लेकिन अब जब एनडीए सरकार ने ये बदलाव कर दिया है, तो ये लोग इसका विरोध करने पर, झूठ फैलाने पर उतर आए हैं।”

देश का किसान जागृत

PM Modi ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि, “ये लोग भूल रहे हैं कि देश का किसान कितना जागृत है। वो ये देख रहा है कि कुछ लोगों को किसानों को मिल रहे नए अवसर पसंद नहीं आ रहे। देश का किसान ये देख रहा है कि वो कौन से लोग हैं, जो बिचौलियों के साथ खड़े हैं।”

modi with farmer

दुष्प्रचार किया जा रहा है

दुष्प्रचार करने का आरोप लगाते हुए विपक्ष को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि, “अब ये दुष्प्रचार किया जा रहा है कि सरकार के द्वारा किसानों को MSP का लाभ नहीं दिया जाएगा। ये भी मनगढ़ंत बातें कही जा रही हैं कि किसानों से धान-गेहूं इत्यादि की खरीद सरकार द्वारा नहीं की जाएगी। ये सरासर झूठ है, गलत है, किसानों को धोखा है। हमारी सरकार किसानों को MSP के माध्यम से उचित मूल्य दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। पहले भी थे, आज भी हैं और आगे भी रहेंगे। सरकारी खरीद भी पहले की तरह जारी रहेगी।”

किसान अपनी फसल मनचाही कीमत पर बेच सकेगा

उन्होंने कहा कि, “कोई भी व्यक्ति अपना उत्पाद, दुनिया में कहीं भी बेच सकता है, जहां चाहे वहां बेच सकता है। लेकिन केवल किसान भाई-बहनों को इस अधिकार से वंचित रखा गया था। अब नए प्रावधान लागू होने के कारण, किसान अपनी फसल को देश के किसी भी बाजार में, अपनी मनचाही कीमत पर बेच सकेगा।”

NDA शासन में किसानों के लिए अधिक काम हुए

NDA शासन को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि, “किसानों के लिए जितना एनडीए शासन में पिछले 6 वर्षों में किया गया है, उतना पहले कभी नहीं किया गया। किसानों को होने वाली एक-एक परेशानी को समझते हुए, एक-एक दिक्कत को दूर करने के लिए हमारी सरकार ने निरंतर प्रयास किया है।”

किसानों को नम्रता पूर्वक स्पष्ट संदेश

पीएम मोदी ने किसानों से कहा कि, “मैं आज देश के किसानों को नम्रता पूर्वक स्पष्ट संदेश देना चाहता हूं। आप किसी भी तरह के भ्रम में मत पड़िए। इन लोगों से देश के किसानों को सतर्क रहना है। ऐसे लोगों से सावधान रहें, जिन्होंने दशकों तक देश पर राज किया और जो आज किसानों से झूठ बोल रहे हैं। वो लोग किसानों की रक्षा का ढिंढोरा पीट रहे हैं लेकिन दरअसल वे किसानों को अनेक बंधनों में जकड़कर रखना चाहते हैं। वो लोग बिचौलियों का साथ दे रहे हैं, वो लोग किसानों की कमाई को बीच में लूटने वालों का साथ दे रहे हैं।”

PM Modi Mahasetu Bihar live

पीएम मोदी ने कहा कि, “देश की जरूरत है और समय की मांग भी है। किसान, महिलाएं, नौजवान, राष्ट्र के निर्माण में सभी को सशक्त करना हमारा दायित्व है। आज जितनी भी परियोजनाओं को शुरु किया गया है, वो इसी दायित्व का हिस्सा है।”