newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Swati Maliwal: स्वाति मालीवाल के साथ हुई छेड़छाड़ मामले का राष्ट्रीय महिला आयोग ने लिया स्वत: संज्ञान

Swati Maliwal: आरोपी की मेडिकल जांच हुई। जिसमें उसके शराब पीने की पुष्टि हुई है। 47 वर्षीय आरोपी के खिलाफ पुलिस ने यह बड़ी कार्रवाई की है। स्वाति मालीवाल ने खुद अपने साथ हुए इस भयावह हादसे के बारे में विस्तार से बताया है।

नई दिल्ली। दिल्ली महिला आयोग की अध्य़क्ष स्वाति मालीवाल के साथ हुई छेड़छाड़ मामाले का राष्ट्रीय महिला आयोग ने स्वत: संज्ञान लिया है। NCW अध्यक्ष रेखा शर्मा ने दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर दो दिन के भीतर जवाब तलब किया है। डीसीडब्लू अध्यक्ष के साथ एक शख्स ने छेड़छाड़ की कोशिश की। उन्हें गंदे इशारे किए। इतना ही नहीं, उन्हें घसीटने की भी कोशिश की। लेकिन गनीमत रही कि मालीवाल बाल-बाल बच गईं। जिसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से की। उधर, पुलिस ने मामले का संज्ञान लेने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी की मेडिकल जांच हुई। जिसमें उसके शराब पीने की पुष्टि हुई है। 47 वर्षीय आरोपी के खिलाफ पुलिस ने यह बड़ी कार्रवाई की है। स्वाति मालीवाल ने खुद अपने साथ हुए इस भयावह हादसे के बारे में विस्तार से बताया है। पुलिस द्वारा आरोपी को गिरफ्तार किए जाने के बाद मालीवाल ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि, ‘कल देर रात मैं दिल्ली में महिला सुरक्षा के हालात Inspect कर रही थी। एक गाड़ी वाले ने नशे की हालत में मुझसे छेड़छाड़ की और जब मैंने उसे पकड़ा तो गाड़ी के शीशे में मेरा हाथ बंद कर मुझे घसीटा। भगवान ने जान बचाई। यदि दिल्ली में महिला आयोग की अध्यक्ष सुरक्षित नहीं, तो हाल सोच लीजिए’।

पुलिस के मुताबिक, इस पूरे प्रकरण के बारे में तकरीबन 3 बजे पीसीआर कॉल आई थी। जिसमें छेड़खानी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। छेड़छाड़ की शिकार हुई कोई
और नहीं, बल्कि दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल थी। जिसके बाद पुलिस ने कुछ घंटों की कार्रवाई के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में खुद इस बात को कबूला है कि उसने शराब पी रखी  थी और मेडिकल जांच में भी इस बात की पुष्टि हुई है।

बता दें कि स्वाति मालीवाल महिला हितों को लेकर चर्चा में रहती हैं। कंझावाला मामले से लेकर जंतर-मंतर पर महिला पहलवानों द्वारा जारी धरने तक को लेकर मालीवाल एक्शन में रही हैं। ध्यान रहे कि वर्तमान में जंतर-मंतर में जारी महिला पहलवानों के प्रदर्शन को संज्ञान में लेने के बाद उन्होंने दिल्ली पुलिस और खेल मंत्रालय को नोटिस जारी किया है।

दरअसल, प्रदर्शनकारी महिला पहलवानों ने कश्ती महासंघ के प्रमुख पर यौन शोषण का आरोप लगाया है। पहलवान कुश्ती महासंघ प्रमुख के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। आज इसी संदर्भ में खेल मंत्रालय की बैठक भी हुई। जिसके बाद खबर आई कि कुश्ती महासंघ के प्रमुख आगामी 22 जनवरी को इस्तीफा दे सकते हैं। उधर, कंझावला में 20 वर्षीय युवती अंजलि को कई किलोमीटर तक घसीटे जाने के प्रकरण में भी स्वाति मालीवाल ने पुलिस सहित अन्य एजेंसियों पर दबाव बनाया था। जिसके सुपरिणाम भी देखने को मिले थे। बहरहाल, अब यह पूरा माजरा आगामी दिनों में क्या रुख अख्तियार करता है। इस पर सभी की निगाहें टिकी रहेंगी।