Delhi: आज से इंडिया गेट की छतरी के नीचे नेताजी सुभाष की होलोग्राम मूर्ति दिखेगी, PM मोदी करेंगे लोकार्पण

आज नेताजी की 125वीं जयंती है। मोदी इसके अलावा व्यक्तियों और संस्थानों को आपदा प्रबंधन में योगदान के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार भी देंगे। संस्थानों को इनाम के तौर पर 51 लाख और व्यक्तियों को 5 लाख की राशि दी जाएगी।

Avatar Written by: January 23, 2022 9:06 am
netaji

नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी आज शाम 6 बजे दिल्ली के इंडिया गेट पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की होलोग्राम प्रतिमा राष्ट्र के लिए लोकार्पित करेंगे। आज नेताजी की 125वीं जयंती है। मोदी इसके अलावा व्यक्तियों और संस्थानों को आपदा प्रबंधन में योगदान के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार भी देंगे। संस्थानों को इनाम के तौर पर 51 लाख और व्यक्तियों को 5 लाख की राशि दी जाएगी। पीएम मोदी ने बीते शुक्रवार को एलान किया था कि इंडिया गेट की छतरी में नेताजी की ग्रेनाइट की मूर्ति लगाई जाएगी। मूर्ति बनने तक वहां होलोग्राम से नेताजी की मूर्ति को दिखाया जाएगा।

Netaji Bose PM Modi

दिल्ली के राष्ट्रीय आधुनिक कला संग्रहालय के महानिदेशक अद्वैत गणनायक ये मूर्ति बना रहे हैं। ग्रेनाइट की मूर्ति 25 फुट ऊंची होगी। जिस छतरी के नीचे सुभाष चंद्र बोस की मूर्ति लगेगी, वहां आजादी से पहले ब्रिटिश सम्राट जॉर्ज पंचम की मूर्ति लगी थी। उस मूर्ति को 1968 में हटा दिया गया था। आज जिस होलोग्राम मूर्ति का मोदी लोकार्पण करेंगे, उसे 30000 ल्यूमेन के प्रोजेक्टर से स्क्रीन पर दिखाया जाएगा। ये मूर्ति थ्री डी दिखेगी। छतरी के चारों तरफ इसके लिए ऐसी स्क्रीन लगाई गई है, जो नंगी आंखों से नहीं दिखती है।

netaji

आपको याद होगा कि साल 2014 के लोकसभा चुनाव में प्रचार के दौरान मोदी के होलोग्राम तरीके से भाषण दिखाए जाते थे। मोदी कहीं और रहते थे और उनकी तस्वीर मंच पर दिखती थी। होलोग्राम ऐसी तकनीक है, जिससे लगता है कि सामने दिख रही चीज असली है, लेकिन वो सिर्फ डिजिटल तस्वीर ही होती है। होलोग्राम के जरिए मोदी के प्रचार को अचंभा माना जाता था, लेकिन दुनिया में होलोग्राम तकनीक अब काफी तरक्की कर गई है। नेताजी की जो होलोग्राम मूर्ति आज से दिखाई देगी, वो भी असली मूर्ति जैसी ही लगेगी।

Latest