newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

New Amrit Bharat And Vande Bharat Trains: आज से 2 अमृत भारत और 6 वंदे भारत ट्रेनों की शुरुआत, अयोध्या भी पहुंच सकेंगे श्रद्धालु

New Amrit Bharat And Vande Bharat Trains: आज से देश में अमृत भारत सामान्य श्रेणी की ट्रेनों की शुरुआत हो रही है। इसके अलावा 6 और वंदे भारत ट्रेनों की सौगात भी रेल यात्रियों को मिलने जा रही है। आज से इन सभी ट्रेनों के जरिए यात्री देश के अलग-अलग हिस्सों की यात्रा कर सकेंगे।

अयोध्या। आज से देश में अमृत भारत सामान्य श्रेणी की ट्रेनों की शुरुआत हो रही है। इसके अलावा 6 और वंदे भारत ट्रेनों की सौगात भी रेल यात्रियों को मिलने जा रही है। आज से इन सभी ट्रेनों के जरिए यात्री देश के अलग-अलग हिस्सों की यात्रा कर सकेंगे। अमृत भारत ट्रेनों के जरिए देश के दूर दराज इलाके से भगवान राम की नगरी अयोध्या भी श्रद्धालु पहुंच सकेंगे। अमृत भारत ट्रेन अयोध्या और बिहार के दरभंगा के बीच चलेगी। अयोध्या से आनंद विहार के बीच एक अमृत भारत ट्रेन को आज से चलाया जा रहा है। तेज गति से चलने वाली इन खास ट्रेनों से यात्री एक से दूसरी जगह तेजी से पहुंच सकेंगे।

इसके अलावा श्री माता वैष्णो देवी कटरा-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस, अमृतसर-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस, कोयंबटूर-बेंगलुरु कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस, मंगलुरु-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस, जालना-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस भी आज से पटरियों पर दौड़ने लगेंगी। वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों से हफ्ते में 6 दिन यात्रा की जा सकेगी। जबकि अमृत भारत ट्रेनों के जरिए भी सप्ताह में कुछ दिन यात्रा का मौका लोगों को मिलेगा। अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की और रेक भी तैयार की जा रही हैं। इन ट्रेनों में सामान्य किराया देकर यात्री तेजी से अपने गंतव्य पहुंच सकेंगे। हालांकि, इन अमृत भारत ट्रेनों का किराया मौजूदा सामान्य श्रेणी के किराए से कुछ अधिक होगा।

vande bharat express

अमृत भारत ट्रेनों में सामान्य कोच भले लगाए गए हैं, लेकिन इनको अत्याधुनिक बनाया गया है। वंदे भारत जैसी तमाम सुविधाएं भी अमृत भारत ट्रेनों में दी गई हैं। इसकी वजह से यात्रियों को काफी सहूलियत होगी। साथ ही ट्रेन चलने पर दरवाजे खुद ही बंद हो जाएंगे। जिससे किसी के चलती ट्रेन से गिर जाने की आशंका भी पूरी तरह खत्म होगी। इन अमृत भारत ट्रेनों में सीट, बर्थ और वॉशरूम भी अत्याधुनिक तकनीकी वाले बनाए गए हैं। हर सीट के साथ मोबाइल और लैपटॉप चार्ज करने की भी व्यवस्था मुहैया कराई गई है।