newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Notorious Cow Smuggler Arrested In Haryana: लंबे अर्से से हरियाणा पुलिस के लिए सिरदर्द बना गोतस्कर इरशाद पकड़ा गया, परिवार के लोग भी अपराध की दुनिया में कुख्यात

Notorious Cow Smuggler Arrested In Haryana: पलवल के एसपी वरुण सिंगला के मुताबिक इरशाद के परिवार के लोग भी अपराध करते हैं। इरशाद के पिता नसरू और उसके दो भाइयों तौफीक और आजाद पर भी हरियाणा पुलिस ने गोवध और पुलिस पर हमला करने के 50 से ज्यादा केस दर्ज किए हुए हैं। इरशाद की लंबे समय से हरियाणा पुलिस को तलाश थी। इस बार सटीक जानकारी मिलने पर इरशाद को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार करने में सफलता मिली।

पलवल। हरियाणा पुलिस के लिए कुख्यात गोतस्कर इरशाद सिरदर्द बना हुआ था। हरियाणा पुलिस उसे लगातार तलाश रही थी। हरियाणा पुलिस की ये तलाश मंगलवार को खत्म हुई। हरियाणा के पलवल जिले में गोतस्कर इरशाद के होने की खबर मिलने पर पुलिस ने उसे घेरा। गोतस्कर इरशाद ने पुलिस पर फायरिंग की। पुलिस ने भी इस पर मोर्चा लिया। पुलिस की गोली इरशाद को लगी और वो घायल हुआ और इस तरह हरियाणा पुलिस ने एक बड़े अपराधी को दबोचने में कामयाबी हासिल की। पुलिस के अनुसार इरशाद 30 साल का है। वो हरियाणा के पलवल जिले के कोट गांव का निवासी है।

गोतस्कर इरशाद को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम के सदस्य।

पुलिस ने बताया कि मंगलवार को पुलिस की टीम ने होडल-नवलगढ़ रोड पर इरशाद को घेरा और उसे रोकने की कोशिश की। पुलिस का घेरा तोड़कर इरशाद ने अपनी गाड़ी से भागने की कोशिश की। इसमें सफल न होने पर गोतस्कर इरशाद गाड़ी से उतरा और फायरिंग करते हुए पैदल भागने लगा। इस पर पुलिस ने भी उस पर फायरिंग की। पुलिस की गोली गोतस्कर इरशाद के पैर में लगी और वो वहां गिर गया। इसके बाद पुलिस ने इरशाद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक इरशाद के खिलाफ हरियाणा के पलवल और नूंह जिलों में 16 केस दर्ज हैं। इनमें गोतस्करी, गोवध, हत्या की कोशिश और पुलिस पर हमला करने के भी मामले हैं।

पलवल के एसपी वरुण सिंगला के मुताबिक इरशाद के परिवार के लोग भी अपराध करते हैं। इरशाद के पिता नसरू और उसके दो भाइयों तौफीक और आजाद पर भी हरियाणा पुलिस ने गोवध और पुलिस पर हमला करने के 50 से ज्यादा केस दर्ज किए हुए हैं। हरियाणा में गोतस्करी के तमाम मामले सामने आते रहे हैं। हरियाणा के नूंह और फरीदाबाद जिलों में गोतस्करी और गोवध की घटनाएं देखने को मिल चुकी हैं। इरशाद की गिरफ्तारी से अब हरियाणा में गोतस्करी करने वालों को निश्चित तौर पर बड़ा झटका लगा होगा।