
भुवनेश्वर। ओडिशा (Odisha) में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोनावायरस (Coronavirus) जांच रिपोर्ट में 2,819 नए लोगों को पॉजिटिव पाया गया, जिससे यहां कुल मामलों की संख्या बढ़कर 75,537 हो गई है। इसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग (health Department) ने शनिवार को दी। राज्य में रिकवरी मामलों (Recovery cases) की संख्या बढ़कर 50,503 हो गई है। विभाग ने कहा इस दौरान कोरोनावायरस से 9 लोगों की मौत हो गई, जिससे यहां मरने वालों की सख्या बढ़कर 399 हो गई है।
नए मौत के मामलों में, कटक जिले में तीन लोगों की मौत हुई, सुंदरगढ़ जिले में दो, बोलनगीर, रायगडा, मलकानगिरी और गंजम जिलों ने एक-एक लोगों की मौत हुई। कुल नए मामलों में से 1,691 मामले अलग-अलग क्वारंटीन सेंटर से मिले हैं, जबकि अन्य 1,128 मामले स्थानीय संपर्क हैं। खोर्धा जिले में कोरोनावायरस के सबसे अधिक मामलें सामने आए हैं, यहां 443 पॉजिटिव पाए गए, जबकि कटक में 257, मयूरभंज में 219 और गंजम जिले में 192 नए मामले पाए गए हैं।
वहीं, देश में शनिवार को कोरोनावायरस के 69,878 नए मामले सामने आए हैं जिसके साथ ही यहां संक्रमित मरीजों का कुल आंकड़ा 29,75,701 तक पहुंच गया है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने इसकी सूचना दी है। मंत्रालय ने कहा, बीते 24 घंटे में वायरस से 945 लोगों ने अपनी जानें गंवाई हैं। इसे मिलाकर यहां मरने वालों की कुल संख्या अब तक 55,794 है। देश भर में 6,97,330 सक्रिय मामले हैं। अब तक अस्पतालों और क्वॉरंटाइन सेंटरों से 22,22,577 मरीजों को डिस्चार्ज किया जा चुका है। बीते 24 घंटे में 63,631 लोग महामारी से ठीक हुए हैं। रिकवरी दर 74.69 फीसदी है।
सरकार ने कहा कि देश में अब तक जांच किए गए संचयी नमूनों की कुल संख्या 3,44,91,073 है और शुक्रवार को 10,23,836 नमूनों का परीक्षण किया गया है। आंध्र प्रदेश सबसे अधिक प्रभावित राज्यों की सूची में अव्वल है। यहां अब तक 87,803 सक्रिय मामले दर्ज किए गए हैं। राज्य में अब तक महामारी से कुल 2,44,045 लोग ठीक हुए हैं। बीते 24 घंटे में 8,827 मरीज संक्रमण की स्थिति से बाहर आए हैं। इस दौरान 91 लोगों की जानें गई हैं जिसे मिलाते यहां हताहतों की संख्या 3,092 तक पहुंच गई है।
कर्नाटक में सक्रिय मामलों की संख्या 83,082 है। अब तक 1,76,942 बीमारी से उबर चुके हैं जिनमें से 6,561 लोगों को बीते 24 घंटे में अस्पतालों और क्वॉरंटाइन सेंटरों से डिस्चार्ज किया गया है। इसी दौरान 93 नई मौतें दर्ज की गई हैं जिसके साथ ही राज्य में अब तक 4,522 मरीज इस घातक वायरस से अपनी जान गंवा चुके हैं। इसके बाद सूची में क्रमश: महाराष्ट्र और देश की राष्ट्रीय राजधानी शामिल हैं।