newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Omaxe grand society ruckus: नोएडा की ओमैक्स सोसायटी में गालीगलौज के आरोपी श्रीकांत त्यागी पर 25000 का इनाम घोषित, मिली इस राज्य में लोकेशन

पुलिस सूत्रों का कहना है कि फोन से श्रीकांत ने अपने जानने वालों और वकीलों से बात की है। वो पुलिस के हत्थे चढ़ने की जगह कोर्ट में सरेंडर का रास्ता तलाश रहा है। नोएडा पुलिस ने श्रीकांत त्यागी पर गैंगस्टर एक्ट लगाने की बात कही है।

नोएडा। यूपी के नोएडा स्थित ओमैक्स ग्रैंड सोसायटी में महिला से बदसलूकी और गाली देने वाले श्रीकांत त्यागी के जल्दी गिरफ्त में आने के आसार हैं। टीवी चैनल ‘आज तक’ के मुताबिक नोएडा पुलिस को उसकी लोकेशन का अंदाजा मिला है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक श्रीकांत त्यागी उत्तराखंड के हरिद्वार और देहरादून में कहीं छिपा हो सकता है। इसकी जानकारी उसके मोबाइल फोन कॉल से हुई। श्रीकांत फरार होने से पहले अपना एक मोबाइल छोड़ गया, लेकिन दो और मोबाइल ले गया था। पुलिस ने दोनों मोबाइल को सर्विलांस पर लगाया। सर्विलांस से पता चला कि श्रीकांत इन फोन को अब तक 10 बार ऑन और ऑफ कर चुका है। उस पर पुलिस ने अब 25000 रुपए का इनाम भी घोषित कर दिया है।

shrikant tyagi

फोन ऑन और ऑफ होने के दौरान उसकी लोकेशन हरिद्वार और देहरादून में मिली। पुलिस सूत्रों का कहना है कि फोन से श्रीकांत ने अपने जानने वालों और वकीलों से बात की है। वो पुलिस के हत्थे चढ़ने की जगह कोर्ट में सरेंडर का रास्ता तलाश रहा है। नोएडा पुलिस ने श्रीकांत त्यागी पर गैंगस्टर एक्ट लगाने की बात कही है। बीती रात ओमैक्स पहुंचकर धमकी देने की कोशिश कर रहे उसके करीब 14 साथियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया था।

noida phase 2 police station

आज सुबह ही ओमैक्स में श्रीकांत त्यागी के अवैध निर्माण को बुलडोजर से ढहा दिया गया है। अब पुलिस की दो टीमें हरिद्वार और देहरादून में उसकी तलाश में जुटी हैं। अगर श्रीकांत ने अपना फोन फिर ऑन किया और पांच मिनट तक भी बात कर ली, तो उसे गिरफ्तार करने में पुलिस को कामयाबी मिल जाएगी। बता दें कि श्रीकांत खुद को बीजेपी का नेता बताता था, लेकिन बीजेपी ने इससे साफ इनकार किया है कि पार्टी से उसका कोई रिश्ता रहा है। हालांकि, बीजेपी के बड़े नेताओं के साथ भी श्रीकांत की फोटो हैं। वो इन नेताओं तक किसके जरिए पहुंचा, इसकी भी पड़ताल पुलिस कर रही है।