newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

International Day Of Yoga: मैसुरु पैलेस में योग दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए PM मोदी, कहा- दुनिया में शांति ला सकता है योग

मोदी इससे पहले अलग-अलग साल योग दिवस के मौके पर देश के अलग-अलग शहरों में योगासन करते रहे हैं। इस बार आजादी के अमृत महोत्सव के कारण उन्होंने अपने मंत्रियों को 75 शहरों में योग दिवस मनाने के लिए भेजा है। मोदी अपने सरकारी आवास में भी रोज योग करते हैं।

मैसुरु। पीएम नरेंद्र मोदी ने आज आठवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर कर्नाटक के मैसुरु पैलेस में योग किया। मोदी ने 19 योगासन किए और लोगों से स्वस्थ जीवनशैली के लिए योग को अपनाने की अपील की। मोदी कल शाम को ही मैसुरु पहुंचे थे। पीएम मोदी के साथ स्कूली बच्चे, समाजसेवी संगठनों के लोग भी योग दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत में 1 मिनट की प्रार्थना हुई। इसके बाद 4 मिनट की स्ट्रेचिंग के बाद 19 योगासन किए गए। योग कार्यक्रम के बाद मोदी ने मैसुरु के राज परिवार के सदस्यों के साथ नाश्ता किया। भारत में हर जगह तो योग दिवस मनाया ही गया, विदेश में भी इस मौके पर लोगों ने योग के प्रति उत्साह दिखाया। आयुष मंत्रालय के मुताबिक योग दिवस पर 79 देशों में कार्यक्रम हुए।

पीएम मोदी ने मैसुरु पैलेस के लॉन से देश को संबोधित भी किया। उन्होंने कहा कि मैं इस आठवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सभी को बधाई देता हूं। उन्होंने कहा कि आज दुनिया के सभी हिस्सों में योग का अभ्यास किया जा रहा है। योग से निरोग जीवन का भरोसा मिल रहा है और घर-घर योग का प्रसार हो रहा है। मोदी ने कहा कि योग दुनिया भर में एक पर्व बन गया है। उन्होंने कहा कि आंतरिक शांति चाहते वाले लाखों लोग वैश्विक शांति का माहौल आज बना रहे हैं। इसी तरह योग लोगों और देशों को भी जोड़ सकता है। मोदी ने कहा कि पूरा ब्रह्मांड हमारे शरीर और आत्मा से शुरू होता है। ब्रह्मांड हम से शुरू होता है और योग हमें अपने अंदर की हर चीज की तरफ जागरूक करता है। पीएम ने कहा कि योग पूरी मानवता के लिए है। योग से दुनिया में शांति आ सकती है। उन्होंने इस मौके पर संयुक्त राष्ट्र का भी अभिनंदन किया। साथ ही कहा कि योग से शांति सिर्फ लोगों के लिए ही नहीं है।

modi mysuru yoga 3

स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव के तहत इस बार मोदी ने अपने सभी मंत्रियों को देश के अलग-अलग हिस्सों में योग कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए भेजा है। केंद्रीय मंत्रियों में आयुष मंत्रालय संभालने वाले सर्वानंद सोनोवाल मैसुरु में पीएम के साथ ही योगाभ्यास करते नजर आए। वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कोयंबटूर में भारतीय वायुसेना के जवानों के साथ योग किया। गृहमंत्री अमित शाह ने दिल्ली में योगाभ्यास कार्यक्रम में हिस्सा लिया। दिल्ली के पुरानी किला में विदेश मंत्री एस. जयशंकर तो लाल किले में मोदी के मंत्री हरदीप पुरी कार्यक्रम में शामिल हुए। संस्कृति मंत्री जी. किशन रेड्डी हैदराबाद में योग दिवस कार्यक्रम में पहुंचे। हिमाचल के हमीरपुर में सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने योगाभ्यास किया। कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने अपने गृह राज्य अरुणाचल प्रदेश में और भारी उद्योग मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय ने ओडिशा के पुरी में योग किया। इसके अलावा मोदी के अन्य मंत्रियों में अश्विनी वैष्णव ने ओडिशा में, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने दिल्ली के जंतर मंतर में, पीयूष गोयल ने मुंबई के मरीन ड्राइव, मनसुख मंडाविया ने गुजरात के केवडिया में स्टैचू ऑफ यूनिटी, प्रह्लाद जोशी ने कर्नाटक के हम्पी, ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ग्वालियर, नितिन गडकरी ने नागपुर, गजेंद्र सिंह शेखावत ने राजस्थान के जैसलमेर, मुख्तार अब्बास नकवी ने यूपी के फतेहपुर सीकरी और गिरिराज सिंह ने हरिद्वार में योग दिवस पर हुए कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।

modi mysuru yoga 4