
नई दिल्ली। लॉकडाउन के कारण लगी हुई पाबंदियों में ढील देते हुए केंद्र सरकार ने अब अनलॉक के जरिए लोगों को राहत देना शुरू कर दिया है। इसके अलावा लॉकडाउन में फंसे लोगों को राशन के लिए राहत देते हुए 1 जून से वन नेशन-वन राशन कार्ड लागू कर दिया है। इस योजना के जरिए 20 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में राशन कार्ड धारक अन्य प्रदेश के सरकारी राशन केंद्र से सस्ती दरों पर राशन खरीद सकेंगे।
आपको बता दें कि केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी ‘एक देश एक राशन’ योजना 20 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में लागू हो रही। संबंधित राज्यों के राशन कार्ड धारक अन्य प्रदेश के सरकारी राशन केंद्र से सस्ती दरों पर राशन खरीद सकेंगे। जिन राज्यों/केंद्र शासित राज्यों में इसका असर होगा उनमें आंध्र प्रदेश, गोवा, गुजरात, हरियाणा, झारखंड, केरल, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, तेलंगाना, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, दादरा एवं नगर हवेली, ओडिशा, मिजोरम, नगालैंड शामिल हैं।
इसके अलावा 1 जून से देशभर में 200 और ट्रेनें संचालित की जा रही है। बता दें कि दो महीने से अधिक समय बाद सामान्य रेल सेवा शुरू हो रही हैं। एसी, गैर-एसी और जनरल कोच से लैस 200 ट्रेन पूर्व निर्धारित समय पर दौड़ने लगीं। बिना रिजर्वेशन के किसी को भी यात्रा करने की इजाजत नहीं होगी, जनरल कोच में सफर के लिए द्वितीय श्रेणी के किराये के बदले आरक्षित सीट मिलेगी। टिकट कंफर्म होने पर ही सफर करना संभव होगा।
गौरतलब है कि देश में लॉकडाउन के चार चरण होने के बाद भी कोरोना के मरीजों की संख्या कम नहीं हो रही है। सोमवार सुबह स्वास्थ्य मंत्रालय के द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, अब देश में कोरोना के कुल 1 लाख 90 हजार 535 केस हैं। जबकि 5,394 लोगों की मौत हो चुकी है। भारत में अब कोरोनावायरस के 93322 एक्टिव केस हैं।