newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

भारतीय विज्ञान कांग्रेस में प्रधानमंंत्री ने वैज्ञानिकों को दिया ‘मोदी मंत्र’

पीएम मोदी ने कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए दुनिया के वैज्ञानिकों को प्रयोगशालाओं में सिंगल यूज प्लास्टिक का विकल्प खोजना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि खेती के विकास के साथ-साथ पर्यावरण के अनुकूल ऊर्जा के उत्पादन पर बल देने की जरूरत है।

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक दौरे के दूसरे दिन शुक्रवार को  बेंगलूरू में भारतीय विज्ञान कांग्रेस के 107वें सत्र को संबोधित किया। पीएम मोदी ने इस मौके पर I-STEM पोर्टल को लॉन्च किया, जो रिसर्च के क्षेत्र में काम करेगा। उन्होंने कहा कि मुझे विशेष रूप से खुशी है कि एक नए साल और दशक की शुरुआत में मेरा पहला कार्यक्रम विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार से जुड़ा हुआ है।

PM Narendra Modi

पीएम मोदी ने कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए दुनिया के वैज्ञानिकों को प्रयोगशालाओं में सिंगल यूज प्लास्टिक का विकल्प खोजना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि खेती के विकास के साथ-साथ पर्यावरण के अनुकूल ऊर्जा के उत्पादन पर बल देने की जरूरत है। पीएम मोदी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि दुनिया यहां बेंगलूरू में कुछ नया करने के लिए आ रही है। इस शहर ने विकास और अनुसंधान के लिए एक शानदार इको-सिस्टम विकसित किया है और हर युवा वैज्ञानिक, इनोवेटर और इंजीनियर इससे जुड़ना चाहते हैं।

PM Narendra Modi
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की वृद्धि की कहानी विज्ञान और तकनीकी क्षेत्र में इसकी सफलता पर निर्भर करती है। भारतीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी के परिदृश्य को बदलने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि युवा वैज्ञानिकों के लिए मेरा आदर्श वाक्य है: इनोवेट (नया), पेटेंट (एकस्व) , प्रोड्यूस (उत्पादन) और प्रॉस्पर (समृद्ध)।

पीएम मोदी ने कहा कि ‘न्यू इंडिया’ को टेक्नोलॉजी भी चाहिए और लॉजिकल टेम्परामेंट भी चाहिए ताकि हमारे सामाजिक और आर्थिक जीवन के विकास को हम नई दिशा दे सकें। उन्होंने कहा कि इस बार, चर्चा ग्रामीण विकास में विज्ञान और प्रौद्योगिकी के योगदान पर है। पिछले पांच वर्षों में, ग्रामीण विकास को भारत के आम लोगों द्वारा महसूस किया गया है।

PM Narendra Modi
भारतीय विज्ञान कांग्रेस को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अगर दुनिया की सबसे बड़ी योजनाओं जैसे स्वच्छ भारत अभियान से लेकर आयुष्मान भारत की वैश्विक स्तर पर प्रशंसा हो रही है तो यह प्रौद्योगिकी और अच्छे, प्रभावी प्रशासन के प्रति हमारे समर्पण के कारण है।

पीएम मोदी ने कहा कि प्रौद्योगिकी ने हमें उन आठ करोड़ महिलाओं को पहचानने में मदद की है जो अभी भी खाना पकाने के लिए कोयले या लकड़ी का उपयोग कर रही थीं। उन्होंने कहा कि तकनीक ने हमें यह समझने में भी मदद की कि प्रौद्योगिकी की मदद से कितने नए वितरण केंद्रों का निर्माण किया जाना चाहिए।