newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

UP: PM मोदी ने गरीब कल्याण अन्न योजना के लाभार्थियों से किया संवाद, जानिए संबोधन की अहम बातें

Pradhan Mantri Garib Kalyan Anna Yojana: पीएम मोदी ने कहा कि, देश क्या चाहता है, देश क्या हासिल कर रहा है, देश कैसे बदल रहा है इससे इनको कोई सरोकार नहीं। ये लोग देश का समय और देश की भावना दोनों को आहत कर रहे हैं। भारत की संसद का, ये लोग अपने राजनीतिक स्वार्थ की वजह से निरंतर अपमान कर रहे हैं।

नई दिल्ली। गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ‘प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना’ के लाभार्थियों से संवाद किया। यूपी ने आज राशन की दुकानों से 80 लाख गरीब और वंचित लोगों को मुफ्त राशन बांटकर रिकॉर्ड बनाया है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत यह राशन बांटा गया है। इस अवसर पर सीएम योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) अयोध्या से कार्यक्रम में शामिल हुए। जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े।

पीएम मोदी के संबोधन की अहम बातें-

डबल इंजन की सरकार ने यूपी के सामर्थ्य को एक संकुचित नज़रिए से देखने का तरीका बदल डाला है। यूपी भारत के ग्रोथ इंजन का पावर हाउस बन सकता है, ये आत्मविश्वास बीते सालों में पैदा हुआ है।

योगी जी ने बीते 4 वर्षों में एमएसपी पर खरीद के नए-नए रिकॉर्ड बनाए। यूपी में इस साल गेहूं और धान की खरीद में, पिछले वर्ष की तुलना में करीब दो गुनी संख्या में किसानों को एमएसपी का लाभ पहुंचा है।

वहीं आजादी के बाद पहली बार किसी एक महीनें में भारत का एक्सपोर्ट 2.5 लाख करोड़ से भी ज्यादा हो गया। कृषि निर्यात में हम दशकों बाद हम दुनिया के टॉप 10 देशों में शामिल हुए हैं। देश का पहला मेड इन इंडिया विमानवाहक पोत ‘विक्रांत’ समंदर में अपना ट्रायल शुरू कर चुका है।

दिल्ली के सिंहासन का रास्ता यूपी से होकर गुजरता है, इसका सपना देखने वाले बहुत लोग आए और गए। लेकिन ऐसे लोगों ने कभी ये याद नहीं रखा की भारत की समृद्धि का रास्ता भी यूपी से होकर गुजरता है।

बीते दशकों में उत्तर प्रदेश को हमेशा राजनीति के चश्मे से देखा गया था। यूपी देश के विकास में भी अग्रिम भूमिका निभा सकता है, इसकी चर्चा तक ही नहीं होने दी गई।

देश क्या चाहता है, देश क्या हासिल कर रहा है, देश कैसे बदल रहा है इससे इनको कोई सरोकार नहीं। ये लोग देश का समय और देश की भावना दोनों को आहत कर रहे हैं। भारत की संसद का, ये लोग अपने राजनीतिक स्वार्थ की वजह से निरंतर अपमान कर रहे हैं।

PM Modi UP

एक तरफ हमारा देश, हमारे युवा भारत के लिए नई सिद्धियां हासिल कर रहे हैं। जीत का, गोल के बाद गोल कर रहे हैं। वहीं कुछ लोग ऐसे हैं जो राजनीतिक स्वार्थ के चलते एक तरह से सेल्फ गोल कर रहे हैं।देश क्या हासिल कर रहा है, इससे इन्हें कोई सरोकार नहीं है।

करीब 4 दशक बाद ये स्वर्णिम पल आया है। जो हॉकी हमारी राष्ट्रीय पहचान रही है, आज हमारे युवाओं ने उस गौरव को फिर से हासिल करने की तरफ देश को बहुत बड़ा तोहफा दिया है।

यही 5 अगस्त है जब कोटि-कोटि भारतीयों ने सैकड़ों साल बाद भव्य राम मंदिर के निर्माण की तरफ पहला कदम रखा। आज अयोध्या में तेजी से राम मंदिर का निर्माण हो रहा है।

PM Modi

आज की ये 5 अगस्त की तारीख बहुत विशेष बन गई है। ये 5 अगस्त ही है, जब 2 साल पहले देश ने एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना को और सशक्त किया था। 5 अगस्त को ही, आर्टिकल-370 को हटाकर जम्मू कश्मीर के हर नागरिक को हर अधिकार, हर सुविधा का पूरा भागीदार बनाया गया था।

संतोष इस बात का कि पहले की सरकारों के समय यूपी में गरीब के अनाज की जो लूट हो जाती थी, अब वो रास्ता बंद हो गया है। यूपी में जिस तरह प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना को लागू किया जा रहा है, वो नए उत्तर प्रदेश की पहचान को और मजबूत करती है।

आज आप सभी से बात करके बहुत संतोष हो रहा है। संतोष इस बात का कि दिल्ली से अन्न का जो एक एक दाना भेजा गया, वो हर लाभार्थी की थाली तक पहुंच रहा है।