newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

PM in France: फ्रांस पहुंचे पीएम मोदी ने किया प्रेस कांफ्रेंस, बताया आने वाले दिनों में कैसे होंगे दोनों देशों के बीच रिश्ते?

भारत के लोगों ने स्वयं को एक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इस यात्रा में हम फ्रांस को एक स्वाभाविक भागीदार के रूप में देखते हैं । प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि, ‘फ्रांस के लोगों को राष्ट्रीय दिवस के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं।

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर फ्रांस पहुंचे। फ्रांस के बाद वो दुबई जाएंगे। फ्रांस के दो दिवसीय यात्रा के दौरान पीएम मोदी विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए और भारतीय समुदाय के लोगों को भी संबोधित किया। पीएम ने भारतीय समुदाय के लोगों से भारत में निवेश करने की अपील की। पीएम मोदी ने फ्रांस में रह रहे भारतीयों के बीच में भारत को निवेश के लिए एक उपयुक्त स्थान के रूप में रेखांकित किया। वहीं, फ्रांस यात्रा के दूसरे दिन पीएम मोदी  बेस्टिल परेड में शामिल हुए। बता दें कि बेस्टिल परेड फ्रांस के लिए बहुत मायने रखता है। इसकी तुलना आप भारत के राष्ट्रीय त्योहार गणतंत्र दिवस से कर सकते हैं। वहीं, पीएम मोदी ने फ्रांस में रह रहे कई उद्योगपतियों से भी मुलाकात की और उनसे भारत में निवेश करने की अपील की। पीएम मोदी के इस दौरे से दोनों देशों के बीच रिश्ते मजबूत हुए हैं। अब आगामी दिनों में दोनों देशों के बीच रिश्ते क्या रुख अख्तितयार करता है। इस पर सभी की निगाहें टिकी रहेंगी। उधर, फ्रांस में पीएम मोदी ने प्रेस कांफ्रेंस किया। जिसमें उन्होंने मुख्तलिफ मसलों का जिक्र किया। आइए, आगे कि रिपोर्ट में आपको बताते हैं कि उन्होंने क्या कुछ कहा है।

क्या बोले पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि, ‘ भारत स्थायी शांति की बहाली में योगदान देने के लिए तैयार है। आतंकवाद के विरुद्ध लड़ाई में भारत और फ्रांस हमेशा साथ रहे हैं। हम मानते हैं कि क्रॉस बोर्डर आतंकवाद को समाप्त करने के लिए ठोस कार्रवाई की आवश्यकता है, इस दिशा में दोनों देश सहमत हैं। हमारे सहयोग को एक रचनात्मक रूप देने के लिए हम इंडो-पैसिफिक कॉपरेशन रोडमैप पर काम कर रहे हैं। इंडो-पैसिफिक ट्रांयगुलर डेवेलपमेंट कॉपरेशन फंड के प्रस्ताव पर भी दोनों पक्ष चर्चा में है। इससे पूरे क्षेत्र में स्टार्टअप और इनोवेशन को बढ़ावा देने के लिए नए अवसर खुलेंगे

प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि, ‘हम मार्सिले शहर में एक नया भारतीय वाणिज्य दूतावास खोलेंगे। हम फ्रांस में पढ़ रहे भारतीय मूल के लोगों को दीर्घकालिक वीजा देने के फैसले का स्वागत करते हैं। मैं फ्रांसीसी विश्वविद्यालयों को भारत में अपने परिसर स्थापित करने के लिए आमंत्रित करता हूं। आज भारत में चंद्रयान के सफल लॉन्च पर पूरा भारत उत्साहित है। यह हमारे वैज्ञानिकों की बड़ी उपलब्धि है। अंतरिक्ष के क्षेत्र में भारत और फ्रांस का पुराना और गहरा सहयोग है। हमारे स्पेस एजेंसियों के बीच नए समझौते हुए हैं।

इसके अलावा पीएम मोदी ने भारत और फ्रांस के बीच के रक्षात्मक संबंधों का जिक्र कर कहा कि, ‘रक्षा सहयोग हमारे संबंधों का एक मूलभूत स्तंभ रहा है। यह दोनों देशों के बीच गहरे आपसी विश्वास का प्रतीक है। मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत में फ्रांस एक अहम साथी है… सबमरिन हो या नौसेना के जहाज हम चाहते हैं कि मिलकर सिर्फ अपने ही नहीं तीसरे मित्र देशों के सहयोग के लिए भी हम काम करें। हम अपनी रणनीतिक साझेदारी के 25 साल पूरे होने का जश्न मना रहे हैं। हम पिछले 25 वर्षों की मजबूत नींव के आधार पर अगले 25 वर्षों का रोडमैप बना रहे हैं। इसके लिए साहसिक एवं महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किए जा रहे हैं।

भारत के लोगों ने स्वयं को एक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इस यात्रा में हम फ्रांस को एक स्वाभाविक भागीदार के रूप में देखते हैं । प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि, ‘फ्रांस के लोगों को राष्ट्रीय दिवस के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं। यह दिवस विश्व में स्वतंत्रता, समानता और भाईचारे जैसे मूल्यों का प्रतीक माना जाता है, यह मूल्य दोनों देशों के संबंधों का महत्वपूर्ण आधार है। मुझे खुशी है कि इस अवसर की गरिमा बढ़ाने के लिए भारत की तीनों सेनाओं की टुकड़ियों ने भाग लिया।