सुषमा स्वराज की पहली पुण्यतिथि पर पीएम मोदी ने किया याद, ट्वीट कर लिखा ये संदेश

पीएम मोदी ने लिखा कि सुषमा स्वराज दुनिया के मंच पर भारत की मजबूत आवाज़ थीं। सिर्फ पीएम ही नहीं कई अन्य केंद्रीय मंत्रियों ने भी सुषमा स्वराज को याद किया।

Avatar Written by: August 6, 2020 3:10 pm

नई दिल्ली। भाजपा की वरिष्ठ नेता और पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की आज पहली पुण्यतिथि है। पिछले साल आज ही के दिन सुषमा स्वराज का हृदय गति रुक जाने से निधन हो गया था। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत अन्य नेताओं ने सुषमा स्वराज को याद किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी। पीएम मोदी ने लिखा कि सुषमा स्वराज दुनिया के मंच पर भारत की मजबूत आवाज़ थीं। सिर्फ पीएम ही नहीं कई अन्य केंद्रीय मंत्रियों ने भी सुषमा स्वराज को याद किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘सुषमा जी को उनकी पहली पुण्यतिथि पर याद कर रहा हूं। उनके असामयिक और दुर्भाग्यपूर्ण निधन से कई लोग दुखी हुए हैं। उन्होंने निस्वार्थ भाव से भारत की सेवा की और वे विश्व मंच पर भारत के लिए एक मुखर आवाज थीं। यही मैंने उनकी प्रार्थना सभा में कहा था।’

पीएम मोदी ने इसी के साथ सुषमा स्वराज की प्रार्थना सभा में दी गई स्पीच भी साझा की। गौरतलब है कि मोदी सरकार के पहले कार्यकाल के दौरान बतौर विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के काम को सिर्फ देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी सराहा गया। वो एक ट्वीट पर भी बाहर फंसे किसी भारतीय की मदद का आदेश देती थीं, जिसने लोगों के बीच उनको प्रसिद्ध कर दिया।

Sushma Swaraj

इससे पहले सुषमा स्वराज के पति स्वराज कौशल ने ट्विटर पर लिखा, ‘दिल की नाजुक रगें टूटती हैं, याद इतना भी कोई न आए, आज सोचा तो आंसू भर आए।’


स्वराज की बेटी बांसुरी ने लिखा, ‘या देवी सर्वभूतेषु शक्तिरूपेण संस्थिता, या देवी सर्वभूतेषु मात्री रूपेण संस्थिता, नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नमः।। मां तुम हमेशा मेरे साथ मेरी शक्ती के रूप में हो। हे कृष्ण मेरी मां का ख्याल रखना!’