
मुंबई। पीएनबी से 13500 करोड़ रुपए का लोन लेकर फरार होने वाले हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी के प्रत्यर्पण के लिए भारत की एजेंसियां कोशिश कर रही हैं। मेहुल चोकसी को बेल्जियम की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस बीच, ये खबर आई है कि मेहुल चोकसी ने बीते 7 साल से अपने 3 फ्लैट की मेंटेनेंस की रकम नहीं दी है। एएनआई के मुताबिक मेहुल चोकसी के मुंबई के मालाबार हिल इलाके के गोकुल अपार्टमेंट की 9वीं, 10वीं और 11वीं मंजिल पर 3 फ्लैट हैं। इनके मेंटेनेंस की रकम के तौर पर 63 लाख रुपए मेहुल चोकसी पर बकाया है।
गोकुल अपार्टमेंट की आरडब्ल्यूए के एक सदस्य ने ये भी बताया कि मेहुल चोकसी ने 11वीं मंजिल पर टैरेस को कब्जे में कर रखा है। उन्होंने कहा कि जो रकम बकाया है, वो मूल है। इस पर ब्याज नहीं जोड़ा गया है। आरडब्ल्यूए के सदस्य ने कहा कि साल 2020 में मेंटेनेंस का काम कराया गया था। इसके लिए हर फ्लैट में रहने वाले पर 30-35 लाख बने। इस तरह मेहुल चोकसी पर 95 लाख का बकाया बनता है। बता दें कि मेहुल चोकसी के ये तीनों फ्लैट ईडी ने जब्त कर रखे हैं। आरडब्ल्यूए के सदस्य के अनुसार मेहुल चोकसी के फ्लैट में कोई नहीं रहता। इस वजह से पेड़-पौधे और झाड़ियां उग आई हैं। इस वजह से अपार्टमेंट को भी खतरा हो सकता है। उन्होंने कहा कि भारत की न्याय व्यवस्था और ईडी पर भरोसा है। उम्मीद है कि बकाया मिल जाएगा।
मेहुल चोकसी को भारतीय एजेंसियों के कहने पर बेल्जियम की पुलिस ने 12 अप्रैल को गिरफ्तार किया था। भारत ने बेल्जियम से मेहुल चोकसी के प्रत्यर्पण का अनुरोध किया है। पहले मेहुल चोकसी के खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस था। मेहुल चोकसी ने जब आरोप लगाया कि भारतीय एजेंसियों ने उसे डोमिनिका से अगवा करने की कोशिश की, तो इंटरपोल ने उसके आवेदन पर रेड कॉर्नर नोटिस वापस ले लिया था। अब सबकी नजर इस पर है कि मेहुल चोकसी को बेल्जियम सौंपता है या नहीं। क्योंकि इससे पहले डोमिनिका और एंटीगुआ से प्रत्यर्पण संधि न होने के कारण मेहुल को दोनों ने भारत को नहीं सौंपा था।