newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Guna Stone Pelting: गुना उपद्रव के मामले में मुख्य आरोपी विक्की पठान समेत कई गिरफ्तार, हनुमान जयंती के जुलूस के दौरान हुआ था पथराव

Guna Stone Pelting: गुना में जिस मस्जिद के सामने पथराव और नारेबाजी हुई, उसके सामने से राम नवमी पर भी जुलूस निकला था। उस वक्त कोई हंगामा नहीं हुआ था। हालांकि, पहले भी इस मस्जिद के सामने विवाद हो चुका है। पुलिस अब ये जांच कर रही है कि उपद्रव किसकी तरफ से पहले शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि हनुमान जयंती के जुलूस के साथ डीजे था और इसे मस्जिद के सामने बजाने को लेकर विवाद की शुरुआत हुई। इस मामले में 20 अज्ञात लोगों पर भी केस दर्ज हुआ है।

गुना। मध्य प्रदेश के गुना में शनिवार की रात उपद्रव के मामले में पुलिस ने विक्की पठान समेत 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हिंदू पक्ष का आरोप है कि जब गुना के कर्नलगंज में मस्जिद के सामने हनुमान जयंती का जुलूस पहुंचा, तो पथराव किया गया। वहीं, मुस्लिम पक्ष का आरोप है कि पहले दूसरे पक्ष से पत्थरबाजी की गई। फिलहाल मौके पर बड़ी तादाद में पुलिस की तैनाती की गई है। पुलिस के तत्काल कदम उठाने से माहौल और बिगड़ने से बच गया। पुलिस ने पहले ही कहा है कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गुना में पथराव की घटना के मुख्य आरोपी विक्की पठान को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

गुना में जिस मस्जिद के सामने पथराव और नारेबाजी हुई, उसके सामने से राम नवमी पर भी जुलूस निकला था। उस वक्त कोई हंगामा नहीं हुआ था। हालांकि, पहले भी इस मस्जिद के सामने विवाद हो चुका है। पुलिस अब ये जांच कर रही है कि उपद्रव किसकी तरफ से पहले शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि हनुमान जयंती के जुलूस के साथ डीजे था और इसे मस्जिद के सामने बजाने को लेकर विवाद की शुरुआत हुई। जिसके बाद दोनों पक्षों में पथराव हुआ। पथराव से कई लोगों को चोट लगने की भी जानकारी आई है। आरोप है कि गलियों से भी उपद्रवियों ने जुलूस पर पथराव किया।

इस मामले में गिरफ्तार आरोपी विक्की पठान पर मस्जिद से कुछ दूर रहने वाले पुरुषोत्तम ने जान से मार देने की धमकी का आरोप लगाया है। पुरुषोत्तम के घर पर भी पथराव करने का आरोप उपद्रवियों पर लगा है। विक्की पठान कांग्रेस के टिकट पर पार्षद का चुनाव भी लड़ चुका है। विक्की का परिवार कह रहा है कि वो बेकसूर है। पुलिस की जांच में ही ये पता चल सकेगा कि आरोपी ने गुनाह किया या नहीं। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई जारी है। 20 अज्ञात लोगों पर भी पुलिस ने केस दर्ज किया है। सीसीटीवी फुटेज व सोशल मीडिया पर आए मौके के अन्य वीडियो देखकर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजने की तैयारी है।