
नई दिल्ली। अमरनाथ यात्रा शुरू होने से पहले जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने आज पवित्र गुफा में बाबा बर्फानी की विधि विधान के साथ प्रथम पूजा की। हर साल यात्रा शुरू होने से पहले यह पूजा की जाती है। परम्परा के अनुसार प्रथम पूजा के बाद ही अमरनाथ यात्रा की औपचारिक शुरुआत होती है। प्रथम पूजा के दौरान जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल के साथ अमरनाथ श्राइन बोर्ड के अधिकारी भी मौजूद रहे। एलजी कार्यालय की ओर से बाबा बर्फानी की प्रथम पूजा की फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई है। इसमें बर्फ से बने शिवलिंग के पूर्ण आकार में प्रथम दर्शन हो रहे हैं।
उपराज्यपाल सिन्हा ने फोटो के साथ ट्वीट किया, ‘हर हर महादेव!’ बाबा बर्फानी को नमन किया और पवित्र गुफा में ‘प्रथम पूजा’ की। बाबा अमरनाथ जी हम सभी पर अपना दिव्य आशीर्वाद बनाए रखें। बता दें कि इस साल 2025 में अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू होगी। यह यात्रा 38 दिनों तक चलेगी और 9 अगस्त को इसका समापन होगा। पिछले साल यात्रा 52 दिन चली थी मगर इस बार इसे घटा दिया गया है। अमरनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था के लिए सीआरपीएफ और अन्य अर्धसैनिक बलों की कुल 581 कंपनियों को तैनात किया जाएगा। जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवानों की भी जगह-जगह पर तैनाती होगी।
हर साल लाखों की संख्या में श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए अमरनाथ यात्रा पर आते हैं। पिछले साल लगभग 5 श्रद्धालुओं ने अमरनाथ की पवित्र गुफा में बर्फ से बने शिवलिंग के दर्शन किए थे। इस बार भी श्रद्धालुओं की संख्या इसी के आस पास रहने की उम्मीद जताई जा रही है। यात्रा के लिए हर किसी का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है। अमरनाथ यात्रा दो मार्गों से होती है एक तो पहलगाम और दूसरा बालटाल। हालांकि हाल ही में पहलगाम में आतंकी हमला हुआ है उसके बावजूद बाबा बर्फानी के भक्त जोश से लबरेज हैं।