newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Ravana Effigie Set On Fire : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पीएम नरेंद्र मोदी ने चलाया तीर, दहन हुआ रावण का पुतला

Ravana Effigie Set On Fire : राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री दिल्ली के लाल किले स्थित माधवदास पार्क में आयोजित विजयादशमी कार्यक्रम में शामिल हुए जहां रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया गया। इससे पहले राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी ने भगवान राम, लक्ष्मण और हनुमान जी का तिलक कर उनकी आरती भी उतारी।

नई दिल्ली। बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक स्वरूप में मनाए जाने वाले विजयादशमी के पर्व पर आज देशभर के अलग-अलग हिस्सों में रावण के पुतले दहन हो रहे हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में दिल्ली के लाल किले के माधवदास पार्क में रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया गया। इससे पहले राम लीला ग्राउंड पहुंचकर प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू ने भगवान राम, लक्ष्मण और हनुमान जी का तिलक किया तथा उनकी आरती उतारी। मंच पर पहुंचकर पीएम मोदी ने प्रतीकात्मक रूप से धनुष बाण रावण के पुतले की ओर चलाया। इसके बाद रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया गया।

उधर, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पटना के गांधी मैदान में दशहरा समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने भी प्रतीकात्मक रूप से धनुष बाण चलाकर रावण को मारा और पुतले का दहन किया गया।

जम्मू कश्मीर में भी धूमधाम से दशहरे का पर्व मनाया गया। श्रीनगर के एसके स्टेडियम में रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले दहन किए गए। वहीं जम्मू कश्मीर में ही भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास स्थित पुंछ जिले के मेंढर उपमंडल में विजयदशमी का त्योहार बड़े ही हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। 10 दिवसीय रामलीला का आज समापन हुआ, जिसके बाद हनुमान मंदिर से एक भव्य शोभा यात्रा निकाला गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में भी दशहरा मेले का आयोजन किया गया। जहां हजारों की संख्या में लोग रावण दहन के साक्षी बने। चंडीगढ़ में भी बुराई के प्रतीक स्वरूप रावण के पुतले को जलाया गया। हरियाणा के पंचकूला में भी विजयादशमी के अवसर पर रावण का पुतला दहन किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी वहां उपस्थित रहें। हरियाणा के करनाल में भी रावण, मेघनाथ और कुंभकर्ण के पुतले जलाए गए।