newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Patna Firing: बिहार में कानून-व्यवस्था की बदहाली का फिर दिखा नजारा, पटना सिटी में दो गुटों के बीच फायरिंग से बुजुर्ग की मौत

पटना सिटी पुलिस के मुताबिक बड़ी पटन देवी मंदिर रोड पर दो गुटों के बीच जमकर गोलीबारी की खबर मिली। पुलिस ने बताया कि जिस बुजुर्ग शिवनाथ शर्मा की मौत गोली लगने से हुई, उनकी उम्र 70 साल थी। पुलिस मामले की गंभीरता से छानबीन कर रही है। पुलिस के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं।

पटना। बिहार में बदहाल कानून और व्यवस्था का आलम मंगलवार रात फिर दिखा। पटना सिटी के आलमगंज थाना इलाके में मंगलवार रात दो गुटों में जमकर गोलीबारी होने की खबर है। वर्चस्व और शराब बिक्री को लेकर हुई इस गोलीबारी में एक बुजुर्ग की मौत हुई और 2 अन्य घायल हुए। घायलों को सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक घायलों में से दोनों गुट के सरगना भी हैं। आलमगंज थाने की पुलिस घटना की जानकारी मिलने पर इलाके में पहुंची। पुलिस छानबीन कर रही है। इस जांच में पटना सिटी के बड़े पुलिस अफसर भी लगे हैं।

firing 1

पटना सिटी पुलिस के मुताबिक बड़ी पटन देवी मंदिर रोड पर दो गुटों के बीच जमकर गोलीबारी की खबर मिली। पुलिस ने बताया कि जिस बुजुर्ग शिवनाथ शर्मा की मौत गोली लगने से हुई, उनकी उम्र 70 साल थी। पुलिस मामले की गंभीरता से छानबीन कर रही है। पुलिस के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं और दोषियों को गिरफ्तार कर सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी। स्थानीय लोगों ने मीडिया को बताया कि आपस में टकराने वाले गुट अमन कुमार और अतुल कुमार के हैं। दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर करीब 8-10 राउंड फायरिंग की। इसी फायरिंग में एक गोली शिवनाथ शर्मा को लगी और वो गंभीर रूप से घायल हुए। अस्पताल ले जाया गया। जहां शिवनाथ ने दम तोड़ दिया। इससे उनके घर हाहाकार मच गया।

bihar police

पुलिस का कहना है कि एक गुट के सरगना अमन कुमार को भी गोली लगी। उसे पटना के नालंदा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। वहीं, दूसरे गुट के सरगना अतुल कुमार को पीएमसीएच में दाखिल कराया गया है। स्थानीय लोगों ने मीडिया को बताया कि एक गुट का युवक कुछ दिन पहले ही जेल से छूटा है। गोलीबारी होते ही पुलिस को स्थानीय लोगों ने सूचना दे दी थी। इसके बाद बड़ी तादाद में पुलिसकर्मियों के साथ अफसर मौके पर पहुंचे थे। बिहार में लगातार हत्या और अन्य वारदात हो रहे हैं। राजधानी पटना में भी पहले कई आपराधिक घटनाएं हो चुकी हैं। अब दो गुटों में गोलीबारी से कानून और व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।