
नई दिल्ली। अभी कुछ समय पहले ही बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर की शादी हुई है। एक्ट्रेस ने पहले तो गुपचुप स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत कोर्ट मैरिज की और बाद में धूमधाम के साथ दोस्तों-परिवार वालों के बीच शादी के पवित्र बंधन में बंधे। दोनों की ये शादी कई कारणों से चर्चा में रही। एक कारण ये था कि दोनों अलग-अलग धर्म से हैं। तो वहीं, दूसरा कारण ये भी था कि स्वरा एक बॉलीवुड एक्ट्रेस हैं जबकि उनके शौहर फहद अहमद समाजवादी पार्टी के नेता है। दोनों की शादी की चर्चाएं अभी खत्म भी नहीं हुई थीं कि अब एक और नेता के बॉलीवुड एक्ट्रेस संग शादी के चर्चे होने लगे है। जिन लोगों की हम बात कर रहे हैं वो आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा और एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा (Parineeti Chopra) हैं। दोनों को हाल ही में एक रेस्टोरेंट के बाहर देखा गया था। दोनों का लुक भी काफी मैचिंग था। यही वजह है कि दोनों की शादी की खबरें भी आग की तरह फैलने लगी हैं। अब इस बीच आप नेता राघव चड्ढा (Raghav Chadha) का एक वीडियो सामने आया है जिसमें वो एक्ट्रेस को लेकर कुछ कहते हुए नजर आ रहे हैं। तो चलिए आपको बताते हैं क्या है पूरा मामला…
क्या है राघव चड्ढा के वायरल हो रहे वीडियो में…
सोशल मीडिया पर राघव चड्ढा (Raghav Chadha Video) का जो वीडियो सामने आया है उसमें देखा जा सकता है कि आप नेता से एक मीडिया कर्मी सवाल करता है कि आपको (राघव चड्ढा) और एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा को साथ में देखा गया। आपकी शादी की खबरें सामने आ रही हैं। क्या ये खबरें सच हैं। तो इन सवालों पर राघव चड्ढा काफी शर्माते और मुस्कुराते हुए नजर आते हैं और कहते हैं कि जैसा कि मैंने आपसे कहा है कि आप राजनीति पर सवाल कीजिए परिणीति चोपड़ा पर नहीं। इसके आगे राघव चड्ढा कहते हैं कि वो जब शादी करेंगे तो वो सबको बताएं जरूर।
भले ही राघव चड्ढा ने एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा संग रिश्ते की सच्चाई को नहीं बताया है लेकिन एक्ट्रेस का नाम सुनने के बाद जिस तरह से उनके चेहरे पर खुशी देखी जा रही है उससे तो यही लगता है कि कुछ न कुछ तो दोनों के बीच पक रहा है।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि राघव चड्ढा और परिणीति चोपड़ा को एक रेस्टोरेंट के बाहर देखा गया था। दोनों व्हाइट कलर की मैचिंग शर्ट पहने हुए नजर आ रहे थे। इन तस्वीरों के सामने आने के बाद से ही दोनों के अफेयर की खबरें सामने आने लगीं है। खैर इन खबरों का सच क्या है ये तो परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढा ही बता सकते हैं। Newsroom Post इस विषय पर किसी तरह का दावा नहीं करता है।