newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Weather Update: एक तरफ पश्चिमी विक्षोभ से कई राज्यों में होगी बारिश तो तमाम जगह पारा होगा हाई, जानिए मौसम के बारे में ताजा अपडेट

Weather Update: मौसम विभाग ने कई जगह ओलावृष्टि होने के भी आसार जताए हैं। मौसम विभाग का कहना है कि एक तरफ पश्चिमी विक्षोभ के कारण कई राज्यों में बारिश होने की संभावना है। वहीं, देश की राजधानी दिल्ली समेत तमाम जगह तापमान में बढ़ोतरी और लू जैसी स्थिति बनने वाली है।

नई दिल्ली। आज से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार इस पश्चिमी विक्षोभ के कारण तमाम राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा मौसम विभाग ने कई जगह ओलावृष्टि होने के भी आसार जताए हैं। मौसम विभाग के अनुसार ताजा पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 28 मार्च तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। कुछ जगह भारी बारिश भी संभव है। वहीं, पश्चिमी विक्षोभ के कारण हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी तमाम जगह बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। इन सभी राज्यों में पिछले दिनों पश्चिमी विक्षोभ के कारण काफी बर्फबारी भी हुई थी।

मौसम विभाग के अनुसार अरुणाचल प्रदेश, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों और यनम में भी बारिश होने की संभावना है। इस तरह देश के कई राज्यों में बारिश एक बार फिर तापमान में गिरावट आ सकती है और इससे लोगों को राहत मिलेगी। झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना, रायलसीमा, कर्नाटक के कई इलाकों में बीते 24 घंटे में कई जगह ओलावृष्टि हुई। केरल और ओडिशा के साथ ही मिजोरम, मणिपुर, नगालैंड, अरुणाचल प्रदेश, तमिलनाडु और कराईकल में कुछ जगह भारी बारिश भी देखने को मिली। जबकि, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल के गंगा से लगे इलाकों, ओडिशा, असम और मेघालय में कुछ जगह तेज हवाएं भी चलीं।

मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि अगले कुछ दिनों में उत्तर और पश्चिम भारत में तमाम जगह तापमान में बढ़ोतरी होगी। राजधानी दिल्ली और आसपास पारा ऊपर जाने का मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है। तापमान में ये बढ़ोतरी 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की हो सकती है। महाराष्ट्र और मध्य भारत में तापमान में 2 से 4 डिग्री का इजाफा हो सकता है। गुजरात में भी तापमान 3 डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है। गुजरात के समुद्र तटीय इलाकों में लू चलने की भी संभावना है। मौसम विभाग पहले ही कह चुका है कि इस साल काफी तेज गर्मी होने वाली है। अप्रैल के महीने से ही झुलसाने वाला तापमान होने के आसार हैं।