newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Weather: आज से शुरू होगा तमाम राज्यों में बारिश का दौर, जानिए आपके राज्य में कैसा रहने वाला है मौसम

Weather: इससे पहले लगातार 2 पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हुई थी। दिल्ली समेत मैदानी इलाकों में बारिश भी हुई थी। बर्फबारी और बारिश की वजह से ठंड ने लोगों को कांपने पर मजबूर कर दिया था। हालांकि, अब न्यूतम तापमान में बढ़ोतरी होने के आसार बताए जा रहे हैं।

नई दिल्ली। ठंड खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। वहीं, पंजाब और दिल्ली समेत कई जगह कोहरा फिर लौट आया है। आज सुबह तमाम जगह कोहरा छाया रहा। जबकि, मौसम का ताजा अनुमान कई राज्यों में आज से बारिश और ओलावृष्टि के आसार जता रहा है। मौसम की ताजा जानकारी के मुताबिक मध्य भारत यानी यूपी, बिहार, झारखंड में आज और कल यानी मंगलवार को बारिश होने की संभावना है। 13 से 15 फरवरी तक दिल्ली, ओडिशा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र के विदर्भ और पूर्वी मध्यप्रदेश में बारिश के आसार हैं। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में कई जगह ओले गिरने का भी अनुमान लगाया गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिन में मध्य भारत के हिस्सों और उत्तर-पश्चिम में न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है।

बारिश और ओलावृष्टि से ठंड का असर देखने को मिल सकता है। न्यूनतम तापमान में भले बढ़ोतरी हो, लेकिन अगर अधिकतम तापमान में गिरावट आई, तो लोगों को ठंड की वजह से कांपना होगा। इससे पहले लगातार 2 पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हुई थी। दिल्ली समेत मैदानी इलाकों में बारिश भी हुई थी। बर्फबारी और बारिश की वजह से ठंड ने लोगों को कांपने पर मजबूर कर दिया था। अब एक बार फिर ताजा पश्चिमी विक्षोभ के कारण ठंड का ये दौर इस पूरे फरवरी महीने चलने का अनुमान लगाया जा रहा है। मार्च के पहले हफ्ते में हालांकि ठंड का असर कम होगा और मौसम खुशनुमा बन सकता है।

आम तौर पर दिसंबर के महीने के मध्य में ठंड बढ़नी शुरू होती है। पिछले साल दिसंबर में हालांकि ऐसा नहीं हुआ। ठंड का असर 27 दिसंबर से दिखना शुरू हुआ था। पूरे जनवरी के महीने में जबरदस्त कोहरा और ठंड का सामना लोगों को करना पड़ा। जनवरी और फरवरी के बीच पहाड़ों पर बर्फबारी भी काफी हुई। इतनी बर्फ गिरी कि जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में सैकड़ों सड़कों पर यातायात भी थम गया था। साथ ही मैदानी इलाकों में तेज हवा बहती रही। इससे ठंड का असर बना रहा। अब एक बार फिर इस ठंडे मौसम में बारिश का सामना लोगों को करना है।