
नई दिल्ली। हरियाणा के पूर्व गृह राज्य मंत्री गोपाल कांडा के लिए आज अहम दिन है। गोपाल कांडा की एयरलाइंस में एयर होस्टेस रही गीतिका शर्मा के सुसाइड केस में आज राउज एवेन्यू कोर्ट का फैसला आना है। गीतिका ने 5 अगस्त 2012 को दिल्ली के अशोक विहार में अपने घर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। गीतिका ने सुसाइड नोट में गोपाल कांडा और उनकी MDLR एयरलाइंस की मैनेजर अरुणा चड्ढा को अपनी खुदकुशी के लिए जिम्मेदार बताया था। गीतिका की खुदकुशी के करीब 6 महीने बाद उनकी मां ने भी खुदकुशी की थी। इस मामले में आज गोपाल कांडा की किस्मत का कोर्ट फैसला करेगा।
गोपाल कांडा को गीतिका सुसाइड केस की वजह से 18 महीने जेल में रहना पड़ा था। गोपाल कांडा को 2014 में जमानत मिल सकी थी। वहीं, अरुणा चड्ढा को दिल्ली हाईकोर्ट से जमानत मिली थी। दिल्ली पुलिस ने कांडा और चड्ढा के खिलाफ 376 यानी रेप के अलावा 377, 466, 468, 469, और साजिश रचने की धारा 120बी के तहत केस दर्ज कर चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की थी। गोपाल कांडा ने गीतिका के सुसाइड के बाद इस मामले में अपना कोई भी हाथ होने से इनकार किया था, लेकिन दिल्ली पुलिस ने जांच कर गीतिका के आरोप सही पाए थे।
गोपाल कांडा रेडियो रिपेयर और जूते की दुकान जैसे छोटे व्यापार करते हुए आगे बढ़े। 2008 में उन्होंने गुड़गांव से एमडीएलआर एयरलाइंस शुरू की थी। जिसमें गीतिका शर्मा एयर होस्टेस थीं। तीन साल में ही गीतिका को गोपाल कांडा ने एयरलाइंस में ट्रेनी से डायरेक्टर तक बना दिया था। गीतिका बाद में दुबई चली गईं, लेकिन कांडा ने वापस बुला लिया था। गीतिका ने आरोप लगाया कि कांडा उनको परेशान कर रहे हैं। जिसके बाद उन्होंने खुदकुशी करने जैसा कदम उठाया था। कांडा-गीतिका मामले से उस वक्त सियासत खूब गरमाई थी। वहीं, जेल से निकलकर कांडा फिर विधानसभा चुनाव जीत गए थे।