newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Weather: आसमान में बादल और पहाड़ों पर बर्फबारी, पढ़िए ठंड को लेकर मौसम विभाग ने लगाया है क्या ताजा अनुमान

Weather: मौसम विभाग ने बताया है कि शनिवार को हिमाचल प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, पूर्वोत्तर के राज्यों, ओडिशा, तमिलनाडु, केरल में बारिश हुई। इसके अलावा तमाम जगह कोहरा भी देखा गया। न्यूनतम तापमान कई जगह 6 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।

नई दिल्ली। जैसा कि मौसम विभाग का अनुमान था, एक और पश्चिमी विक्षोभ ने पहाड़ी और मैदानी इलाकों में मौसम को बदल दिया है। राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में इसकी वजह से आज सुबह बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक इस पश्चिमी विक्षोभ की वजह से पंजाब और हरियाणा में कई जगह बारिश होगी। साथ ही पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के भी आसार हैं। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिरी भी है। इससे ठंडी हवाएं चल रही हैं। बर्फबारी और बारिश के कारण आने वाले दिनों में मैदानी इलाकों में ठंड का असर बना रहेगा। हालांकि कंपाने वाली ठंड न होने के ही संभावना फिलहाल जताई जा रही है। इससे पहले भी एक पश्चिमी विक्षोभ बीते दिनों आया था। जिसकी वजह से पहाड़ों में बर्फबारी हुई थी और दिल्ली समेत कुछ इलाकों में बारिश देखी गई थी।

मौसम विभाग का कहना है कि पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी यूपी और उत्तर-पश्चिम मध्यप्रदेश में बारिश होने की संभावना है। घना कोहरा भी छा सकता है। अगले करीब एक हफ्ते तक ठंड तो बनी रहेगी, लेकिन शीतलहर न चलने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है। पिछले दिनों जो पश्चिमी विक्षोभ आया, उसके कारण जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में कई सड़कों पर यातायात रुक गया था। अब फिर ताजा बर्फबारी हुई, तो आवागमन में एक बार फिर बाधा पड़ सकती है। पहाड़ी इलाकों में काफी ठंड है और फिर बर्फबारी होने से लोगों को सर्दी का सितम झेलना पड़ सकता है।

मौसम विभाग ने बताया है कि शनिवार को हिमाचल प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, पूर्वोत्तर के राज्यों, ओडिशा, तमिलनाडु, केरल में बारिश हुई। इसके अलावा तमाम जगह कोहरा भी देखा गया। न्यूनतम तापमान कई जगह 6 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। अब फिर बर्फबारी और बारिश के कारण इस न्यूनतम तापमान में और ज्यादा गिरावट न होने का आकलन मौसम विभाग ने किया है। हालांकि, माना जा रहा है कि ठंड अभी पूरे फरवरी भर लोगों को सताएगी। मार्च के महीने से ठंड के काफी कम होने की संभावना मौसम विभाग की तरफ से जताई जा रही है।