newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Weather: आज से सक्रिय होने जा रहा एक और पश्चिमी विक्षोभ, जानिए कैसा रहेगा देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम

Weather: इस साल अब तक कई पश्चिमी विक्षोभ अपना असर दिखा चुके हैं। इन पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ी इलाकों में इस बार जबरदस्त बर्फबारी हुई। जबकि, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी यूपी के साथ ही मध्यप्रदेश के कई इलाकों में बारिश के साथ ओले भी गिरे।

नई दिल्ली। आज से एक और ताजा पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में कुछ जगह बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग का अनुमान है कि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कुछ जगह बर्फबारी और बारिश हो सकती है। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी यूपी में कुछ जगह बारिश की संभावना है। हालांकि, इससे तापमान में बहुत ज्यादा अंतर पड़ने की उम्मीद नहीं है। पिछले कुछ दिनों से उत्तर भारत में गर्मी बढ़ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक अधिकतम तापमान अभी के स्तर यानी 30 डिग्री के आसपास ही बना रहेगा।

मौसम विभाग ने पहले ही जानकारी दी थी कि मंगलवार से ताजा पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देने वाला है। इस साल अब तक कई पश्चिमी विक्षोभ अपना असर दिखा चुके हैं। इन पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ी इलाकों में इस बार जबरदस्त बर्फबारी हुई। जबकि, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी यूपी के साथ ही मध्यप्रदेश के कई इलाकों में बारिश के साथ ओले भी गिरे। इससे ठंड का असर बना रहा था, लेकिन अब ठंड कम हो रही है और आने वाले दिनों में उत्तर भारत में गर्मी लगातार बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। उधर, दक्षिण भारत में भी गर्मी काफी बढ़ रही है। केरल, तमिलनाडु जैसे राज्यों में गर्मी का असर अभी से देखा जा रहा है।

मौसम विभाग ने पहले ही अनुमान लगाया है कि इस साल देश में काफी गर्मी पड़ेगी। हालांकि, इस साल जनवरी से ठंड का भी काफी असर देखने को मिल चुका है। जनवरी और फरवरी में ठंड ने लोगों को कांपने पर मजबूर कर दिया था। इसके साथ ही कोहरे के कारण ट्रेनों और विमान सेवाओं पर भी असर पड़ा था। हालांकि, फरवरी के दूसरे हफ्ते से कोहरे का असर कम हो गया, लेकिन ठंड फिर भी बनी हुई थी। अब मार्च का भी आधा बीतने को है। ऐसे में पारा अब लगातार ऊपर जाने वाला है।