newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Latest Weather Update: आज से दस्तक देगा ताकतवर पश्चिमी विक्षोभ; इन राज्यों में बर्फबारी, ओले, बारिश और आंधी का मौसम विभाग का अनुमान

Latest Weather Update: इस साल जनवरी से ही ठंड बनी हुई है। पूरे जनवरी भर कड़ाके की ठंड और कोहरे के कारण लोगों की जिंदगी पर बहुत असर पड़ा। एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ के आने की वजह से फरवरी में भी अब तक ठंड बनी हुई है। माना जा रहा है कि मार्च के दूसरे हफ्ते से मौसम फिर करवट लेगा।

नई दिल्ली। मौसम विभाग ने एक बार फिर ताजा अपडेट दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक आज रात से कल यानी 1 मार्च के बीच नया पश्चिमी विक्षोभ आने जा रहा है। इस पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी होगी। पश्चिमी विक्षोभ का असर यूपी समेत कई राज्यों में देखने को मिलेगा। इन राज्यों में बारिश होगी और बर्फीली हवाएं चलेंगी। कई जगह ओले गिरने का भी अनुमान मौसम विभाग ने जताया है। इसके अलावा उत्तर भारत में तमाम स्थानों पर कोहरा भी होने के आसार हैं। ये पश्चिमी विक्षोभ पहले आए ऐसे ही विक्षोभों के मुकाबले ज्यादा ताकतवर बताया जा रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बर्फबारी होगी। इसके अलावा पहाड़ी इलाकों में ओले गिरने और बारिश की भी संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के असर से यूपी, मध्यप्रदेश और राजस्थान में 2 मार्च तक बारिश और ओले गिर सकते हैं। इन राज्यों में आंधी भी आ सकती है। अगले करीब 5 दिन ऐसा ही मौसम रहने वाला है। जबकि, पंजाब और हरियाणा में भारी से लेकर मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। कई जगह ओले गिरने के अलावा 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी भी आ सकती है। महाराष्ट्र के मध्यवर्ती इलाकों में भी ओले गिरने का अनुमान लगाया गया है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण बिहार और झारखंड में 3 मार्च से बारिश के साथ तेज हवा भी चलने की बात मौसम विभाग ने कही है। ताजा पश्चिमी विक्षोभ के कारण बर्फबारी और बारिश से ठंड का असर फिलहाल कम होने वाला नहीं है।

इस साल जनवरी से ही ठंड बनी हुई है। पूरे जनवरी भर कड़ाके की ठंड और कोहरे के कारण लोगों की जिंदगी पर बहुत असर पड़ा। एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ के आने की वजह से फरवरी में भी अब तक ठंड बनी हुई है। माना जा रहा है कि मार्च के दूसरे हफ्ते से मौसम फिर करवट लेगा और पहले मौसम सुहाना होगा और फिर लगातार गर्मी बढ़नी शुरू होगी। हालांकि, दक्षिण भारत के केरल और तमिलनाडु में अभी से काफी गर्मी हो चुकी है।