
नई दिल्ली। मौसम विभाग ने ताजा भविष्यवाणी की है। मौसम विभाग के अनुसार एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इस पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों मे काफी बर्फबारी होगी। साथ ही तीनों राज्यों में कई जगह तेज बारिश भी देखने को मिलेगी। मौसम विभाग का ये कहना है कि बुधवार तक दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, पश्चिमी यूपी, बिहार और पश्चिम बंगाल में गरज के साथ बारिश होगी। वहीं, सिक्किम, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में कई जगह बारिश और बर्फ गिरने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार तक दिल्ली समेत उत्तर भारत के राज्यों में तेज हवाएं चलेंगी। वहीं, दक्षिण भारत में तमिलनाडु, पुदुचेरी, केरल, कर्नाटक और लक्षद्वीप में भी सोमवार और मंगलवार को काफी बारिश हो सकती है। इसके ठीक उलट गुजरात में अगले तीन से चार दिन तक 40 से 42 डिग्री सेल्सियस की तेज गर्मी पड़ने की संभावना भी मौसम विभाग ने जताई है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार तक मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान दो से चार डिग्री तक बढ़ेगा। पूर्व और पश्चिम भारत में तापमान में 5 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा में मंगलवार तक लू चल सकती है। ऐसे में गुजरात और इन राज्यों में लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है।
मौसम विभाग के महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्र ने पहले ही बताया था कि मार्च के पहले हफ्ते में ही देश के तमाम राज्यों में तेज गर्मी पड़ने लगेगी। उन्होंने अनुमान जताया था कि इस साल बहुत गर्मी पड़ने वाली है। पहले मौसम विभाग ने अनुमान लगाया था कि ला नीना के कारण दिसंबर 2024 से फरवरी 2025 तक कड़ाके की ठंड होगी। जबकि, इस बार ठंड के सीजन में कुछ ही दिन कड़ाके की सर्दी का सामना लोगों को करना पड़ा है।