newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Stone Pelting On Shri Ram Procession: गुजरात के मेहसाणा में भगवान राम की शोभायात्रा पर पथराव, 15 उपद्रवी गिरफ्तार

Stone Pelting On Shri Ram Procession: पुलिस के मुताबिक खेरालू में राम शोभायात्रा पर पथराव की खबर मिलते ही तुरंत कार्रवाई की गई। इससे हालात काबू में आ गए। फिलहाल घटनास्थल पर स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक पथराव में महिलाएं भी शामिल थीं।

मेहसाणा। आज भगवान रामलला अपने मंदिर में विराजने जा रहे हैं। इस अवसर पर उनके भक्त खुशी मना रहे हैं। इसी तरह भगवान राम के भक्त गुजरात के मेहसाणा स्थित खेरालू कस्बे में रविवार को शोभायात्रा निकाल रहे थे। जब राम शोभायात्रा अल्पसंख्यक बहुल इलाके में पहुंची, तो उस पर पथराव किया गया। ये घटना हाटडिया मस्जिद के पास हुई। राम शोभायात्रा पर जमकर पथराव होने से इसमें शामिल लोग सकते में आ गए और बचने की कोशिश में जुटे। पुलिस को हालात काबू में करने के लिए आंसू गैस के गोले दागने पड़े। पुलिस ने राम शोभायात्रा पर पथराव करने के आरोप में 15 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है। यहां के हालात देखते हुए बड़ी तादाद में पुलिसबल तैनात है।

पथराव के बाद जब पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागकर हालात को काबू किया, तो उसके बाद राम शोभायात्रा को पूरा किया जा सका। बताया जा रहा है कि राम शोभायात्रा पर ये पथराव डीजे बजाने को लेकर हुआ। यहां के विधायक सरदार चौधरी के मुताबिक हाटडिया में असामाजिक तत्वों ने शोभायात्रा पर पथराव किया था। पुलिस के मुताबिक खेरालू में राम शोभायात्रा पर पथराव की खबर मिलते ही तुरंत कार्रवाई की गई। इससे हालात काबू में आ गए। फिलहाल घटनास्थल पर स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। पुलिस अभी उपद्रव करने वाले और लोगों की तलाश में जुटी है।

जानकारी के मुताबिक पथराव छतों से किया जा रहा था। इस पथराव में महिलाओं के भी शामिल होने का आरोप है। गुजरात में इससे पहले भी कई जगह इसी तरह की सांप्रदायिक झड़प हो चुकी है। पुलिस की चौकसी की वजह से मेहसाणा में उपद्रवी अपने इरादे में कामयाब नहीं हो सके। राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर गुजरात पुलिस लगातार चौकसी बरत रही है। हालांकि, जिस तरह पथराव किया गया, उससे साफ है कि घटना को अंजाम तक पहुंचाने के लिए उपद्रवियों ने पहले से ही घरों की छतों पर पत्थर और ईंट जमा कर रखी थी। मेहसाणा पुलिस के मुताबिक इस घटना के सभी दोषियों को सख्त सजा दिलाने के लिए वो तत्पर है।