newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Suraj Revanna Arrested: पूर्व पीएम देवेगौड़ा के एक और पौत्र सूरज रेवन्ना भी यौन शोषण मामले में गिरफ्तार, उनके भाई प्रज्वल रेवन्ना को पुलिस ने इसी आरोप में पकड़ा था

Suraj Revanna Arrested: इससे पहले सूरज के भाई प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ दर्जनों महिलाओं ने यौन शोषण का आरोप लगाया था। इस पर पुलिस ने केस दर्ज किया था और जर्मनी से लौटते ही प्रज्वल रेवन्ना को 31 मई को बेंगलुरु एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया था। प्रज्वल के पिता एचडी रेवन्ना भी गिरफ्तार हुए थे।

बेंगलुरु। पूर्व पीएम एचडी देवेगौड़ा का एक और पौत्र सूरज रेवन्ना भी यौन शोषण मामले में गिरफ्तार हो गए हैं। इससे पहले देवेगौड़ा के पौत्र और हासन से जेडीएस सांसद प्रज्वल रेवन्ना यौन शोषण मामले में गिरफ्तार हुए थे। सूरज रेवन्ना, प्रज्वल के ही भाई हैं। जेडीएस के एक युवा कार्यकर्ता ने सूरज रेवन्ना पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है।

इस युवक ने सूरज रेवन्ना पर अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने का आरोप लगाया है।

कर्नाटक पुलिस ने बताया कि जेडीएस के एमएलसी सूरज रेवन्ना के खिलाफ शनिवार को यौन शोषण का केस दर्ज किया गया था। जेडीएस कार्यकर्ता ने पुलिस को शिकायत दी थी कि होलेनरसीपुरा के विधायक एचडी रेवन्ना के सबसे बड़े बेटे सूरज रेवन्ना ने 16 जून की शाम होलेनरसीपुरा के घन्नीकाडा के फार्महाउस में उसका यौन शोषण किया। इस पर सूरज रेवन्ना पर पुलिस ने 377 यानी अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने और 506 यानी धमकी देने का केस दर्ज किया था। वहीं, सूरज रेवन्ना ने खुद पर लगे यौन शोषण के आरोपों को गलत बताया है। शिकायत करने वाले जेडीएस कार्यकर्ता की उम्र महज 27 साल है। सूरज रेवन्ना का आरोप है कि शिकायत करने वाले ने 5 करोड़ रुपए वसूलने की कोशिश की। नाकाम रहने पर यौन शोषण का केस दर्ज करा दिया। यौन शोषण का आरोप लगाने वाले जेडीएस कार्यकर्ता पर सूरज रेवन्ना के सहयोगी शिवकुमार की शिकायत पर जबरन वसूली का केस भी दर्ज किया गया था।

सूरज रेवन्ना के सांसद भाई प्रज्वल रेवन्ना को भी कर्नाटक पुलिस ने यौन शोषण मामले में गिरफ्तार किया है।

रेवन्ना परिवार पर ये दूसरी बार यौन शोषण का आरोप लगा है। इससे पहले सूरज के भाई प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ दर्जनों महिलाओं ने यौन शोषण का आरोप लगाया था। इस पर पुलिस ने केस दर्ज किया था और जर्मनी से लौटते ही प्रज्वल रेवन्ना को 31 मई को बेंगलुरु एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया था। उस मामले में प्रज्वल के पिता एचडी रेवन्ना की भी गिरफ्तारी हुई थी। प्रज्वल और सूरज रेवन्ना के पिता और मां भवानी अभी जमानत पर हैं। दोनों पर यौन उत्पीड़न की पीड़ित महिला का अपहरण कर उसे बंधक बनाने का आरोप लगा है।