
नई दिल्ली। मंगलवार को महाराष्ट्र स्थित नांदेड़ (Nanded) में पुलिस ने एक ऐसे संदिग्ध खालिस्तानी को गिरफ्तार किया है जिसके रडार पर कई हिंदू नेता थे। इस कथित खालिस्तानी की पहचान सरबजीत सिंह के नाम से हुई। बता दें कि इसे पंजाब और महाराष्ट्र पुलिस द्वारा चलाए गए संयुक्त ऑपरेशन में पकड़ा गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नांदेड़ पुलिस और पंजाब सीआईडी ने इस कथित खालिस्तानी समर्थक को शिकारी घाट बाजार से देर शाम गिरफ्तार किया। एक दावे में कहा गया है कि, सरबीजत यूरोपीय देश बेल्जियम में किसी शख्स के द्वारा फंडेड खालिस्तान जिंदाबाद नामक संगठन का सदस्य है और वो लुधियाना का रहने वाला है। जानकारी के अनुसार वह खालिस्तान समर्थक चार अन्य आतंकियों के साथ वह फंडिंग का काम देखता था।
सरबजीत को लेकर जानकारी मिली है कि वो कई बार विदेश यात्रा कर चुका है, और कुछ हिन्दूवादी नेताओं के खिलाफ साजिश रच रहा था। एक मीडिया रिपोर्ट में कहा गया कि अमृतसर में आरोपी सरबजीत पर कई मामले दर्ज थे। कुछ महीने पहले ही वह नांदेड़ आ गया था। नांदेड़ में पुलिस की इस कार्रवाई से पता चला है कि जिसने भी सरबजीत को पनाह दी है, उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी। गौरतलब है कि नांदेड़, सिखों का पवित्र धर्मस्थल है। यहां बड़ी संख्या में भक्त आते हैं।
नांदेड़ पुलिस अपराध शाखा के एक अधिकारी ने नाम जाहिर नहीं करने का अनुरोध करते हुए आईएएनएस को बताया कि गिरफ्तारी के बाद, लुधियाना के रहने वाले कीरत को ट्रांजिट रिमांड के लिए स्थानीय अदालत के समक्ष पेश किया गया था और सोमवार को उसे पंजाब भेज दिया गया। अन्य बातों के अलावा, कीरत पंजाब पुलिस द्वारा कथित रूप से भड़काऊ भाषण देने, सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने के मामले में वांछित था।