newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Agra Murder: ताजमहल के पास मस्जिद में खून से लथपथ अर्धनिर्वस्त्र हालत में मिला युवती का शव, पुलिस को रेप के बाद हत्या की आशंका

Agra Murder: पुलिस के अनुसार रविवार दोपहर को जब लोग इबादतगाह पहुंचे, तो वहां उन्होंने युवती का शव देखा। इसके बाद ही पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस के अनुसार युवती के चेहरे पर भारी चीज से वार किया गया है और उसके कपड़े अस्त-व्यस्त थे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

आगरा। यूपी के आगरा में ताजमहल के पास एक मस्जिद से युवती का शव मिला है। पुलिस के अनुसार रविवार को ताजमहल के पास स्थित मस्जिद से युवती का शव मिला। युवती का शव करीब-करीब निर्वस्त्र हालत में मिला। उसका शव खून से भी लथपथ था। इससे उससे रेप कर हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

ताजमहल के आसपास आमतौर पर काफी चहल-पहल रहती है। लोगों का आना-जाना देर रात तक लगा रहता है। ऐसे में युवती को मस्जिद में कौन और किस वक्त ले गया, इसकी जांच पुलिस कर रही है। पुलिस के अनुसार जिस मस्जिद में युवती का शव मिला, वो नगला पैमा में है। ये ताजगंज थाना क्षेत्र में आता है। पुलिस के अनुसार रविवार दोपहर को जब लोग नमाज के लिए मस्जिद पहुंचे, तो वहां उन्होंने युवती का शव देखा। इसके बाद ही पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस के अनुसार युवती के चेहरे पर भारी चीज से वार किया गया है और उसके कपड़े अस्त-व्यस्त थे। शव आधा निर्वस्त्र हालत में मिलने के कारण रेप के बाद हत्या की आशंका पुलिस जता रही है।

आगरा की ताजगंज पुलिस का कहना है कि अब तक युवती की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए हैं। सीसीटीवी से देखकर ही पता चलेगा कि युवती को कौन अपने साथ मस्जिद में ले गया। मस्जिद होने के कारण यहां नमाज के दौरान ही लोग पहुंचते हैं। ये भी पुलिस पता कर रही है कि जिस वक्त घटना हुई, मस्जिद में कोई मौलवी या अन्य मौजूद थे या नहीं। फिलहाल ताजमहल के पास हुई घटना की चर्चा आगरा में चारों तरफ हो रही है। इस घटना से ये भी साफ हो गया है कि दो नमाज के बीच के वक्त में युवती की हत्या मस्जिद में की गई है। दोपहर की नमाज से पहले सुबह नमाज होती है। सुबह किसी को युवती का शव नहीं दिखा था।