newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Baba Vijay Das: संत विजय दास महाराज की अस्थि कलश यात्रा बरसाना से हुई रवाना, जगह-जगह हुई पुष्प वर्षा

Baba Vijay Das: शुक्रवार को अस्थि कलश यात्रा बरसाना से प्रारंभ होकर सुनहरा कामां होते हुए पसोपा के लिए रवाना हुई, जहां पुलिस प्रशासन की तरफ से चाक-चबंद बंदोबस्त रखे गए। लेकिन यात्रा को मुख्य बाजार से होकर निकालने को लेकर आपस में नोकझोंक हो गई।

नई दिल्ली। ब्रज क्षेत्र के पर्वतों की रक्षा और खनन कार्य बंद कराने को लेकर संत विजय दास महाराज ने अपना बलिदान दे दिया, जिनकी शुक्रवार को अस्थि कलश यात्रा बरसाना से प्रारंभ होकर सुनहरा कामां होते हुए पसोपा के लिए रवाना हुई, जहां पुलिस प्रशासन की तरफ से चाक-चबंद बंदोबस्त रखे गए। लेकिन यात्रा को मुख्य बाजार से होकर निकालने को लेकर आपस में नोकझोंक हो गई। यात्रा के दौरान कस्बे में लोगों द्वारा जगह-जगह पुष्प वर्षा की गई, साथ ही विजय दास महाराज अमर रहे के जयकारों से पूरा कस्बा गुंजायमान हो गया। यात्रा के दौरान जिला पुलिस अधीक्षक श्याम सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रघुवीर सिंह कविया, कामां एसडीएम दिनेश शर्मा, पहाड़ी एसडीएम संजय गोयल, कामां डीएसपी प्रदीप यादव सहित करीब आधा दर्जन थानाधिकारी भारी पुलिस जत्थे के साथ यात्रा के साथ चल रहे थे और पूरे सुरक्षा बंदोबस्त पर नजर बनाए हुए थे। वहीं, चिकित्सा व्यवस्था को देखते हुए ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ के.डी शर्मा एंबुलेंस और चिकित्सक कर्मियों के साथ-साथ पूरी यात्रा में चल रहे थे।

यात्रा के दौरान भाजपा नेताओं द्वारा यात्रा को मुख्य मार्गों की बजाय कस्बे के भीतर से निकालने को लेकर नोकझोंक हो गई, जिस पर यात्रा के दौरान, चल रहे सुनील बाबा ने सभी से हाथ जोड़ कर विनम्र निवेदन किया कि यात्रा को प्रशासन के अनुरूप चलने दें। लेकिन कुछ असामाजिक तत्वों ने यात्रा के दौरान विघ्न डालने का असफल प्रयास किया। जिसके बाद काफी मशक्कत के बाद यात्रा को आगे के लिए रवाना किया गया। यात्रा के दौरान नगर की पूर्व विधायक अनीता सिंह गुर्जर, नगर के पूर्व विधायक गोपीचंद गुर्जर, भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष प्रदीप गोयल भारी तादाद में भाजपा नेता और श्रद्धालु मौजूद थे। यात्रा के दौरान विश्व विख्यात संत रमेश बाबा, बाबा हरि बोल दास सहित काफी तादाद में साधु-संत मौजूद थे।

अस्थि कलश यात्रा के दौरान उस समय अद्भुत नजारा देखने को मिला, जब बरसाना मंदिर से नन्ही-मुन्नी सैकड़ों बच्चियां पैदल-पैदल हरे कृष्णा राधे-राधे करती हुई चल रही थीं, जो कस्बे में आकर्षण का केंद्र बना हुआ था। वहीं, बाबा की यात्रा निकलने के बाद कस्बे में जोरदार बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल गई।