newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Elvish Yadav: सांप का जहर बेचने के आरोपी बिग बॉस ओटीटी विजेता एल्विश यादव की बढ़ सकती है मुश्किल, अब ये कदम उठाने की तैयारी में नोएडा पुलिस!

एल्विश यादव ने खुद पर लगे आरोपों को गलत बताया है। एल्विश यादव का कहना है कि गिरफ्तार लोगों को वो नहीं जानते। वहीं, मेनका गांधी के संगठन का कहना है कि एल्विश के करीबी से ही बातचीत के बाद सांप लेकर संपेरे होटल में पहुंचे थे। एल्विश ने मेनका पर मानहानि का केस करने की बात भी कही थी।

नोएडा। यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी जीतने वाले एल्विश यादव को नोएडा पुलिस अब तीसरा नोटिस भेजने वाली है। नोएडा पुलिस एक बार एल्विश यादव से पूछताछ कर चुकी है। इसके बाद एल्विश को अन्य आरोपियों के सामने बिठाकर पूछताछ करनी थी, लेकिन बिग बॉस ओटीटी विजेता ने तबीयत खराब होने की बात कहकर पुलिस की पूछताछ में हिस्सा नहीं लिया था। सूत्रों के मुताबिक ऐसे में अब एक बार फिर नोएडा पुलिस ने एल्विश यादव को नोटिस भेजने का फैसला किया है। पुलिस गिरफ्तार लोगों की रिमांड बढ़वाने की तैयारी में भी है। ताकि एल्विश से उनका सामना कराया जा सके। एल्विश यादव पर होटलों में रेव पार्टी करने और उस दौरान ड्रग्स और सांप का जहर बेचने का संगीन आरोप लगा है। बीते दिनों बीजेपी सांसद मेनका गांधी के संगठन के लोगों ने एक होटल से 5 लोगों को कई सांपों के साथ गिरफ्तार कराया था। मेनका गांधी ने इसके बाद एल्विश यादव पर आरोप लगाए थे। इससे एल्विश यादव की मुश्किल बढ़ गई और पुलिस ने केस दर्ज कर उनसे पूछताछ की थी।

elvish yadav 123

एल्विश यादव ने खुद पर लगे आरोपों को गलत बताया है। एल्विश यादव का कहना है कि गिरफ्तार लोगों को वो नहीं जानते। वहीं, मेनका गांधी के संगठन का कहना है कि एल्विश के करीबी से ही बातचीत के बाद सांप लेकर संपेरे होटल में पहुंचे थे। एल्विश ने मेनका गांधी की तरफ से बतौर अभियुक्त खुद का नाम लिए जाने पर उनके खिलाफ भी मोर्चा खोला था। एल्विश यादव ने वीडियो जारी कर कहा था कि मेनका गांधी झूठ बोल रही हैं और वो बीजेपी सांसद के खिलाफ मानहानि का केस कराएंगे। एल्विश यादव को राजस्थान की पुलिस ने भी एक बार रोका था, लेकिन तब नोएडा पुलिस ने कहा था कि एफआईआर में एल्विश का नाम नहीं है। जिसके बाद राजस्थान पुलिस ने उनको जाने दिया था। इसके बाद ही एल्विश यादव नोएडा के सेक्टर 20 थाने में पूछताछ के लिए पहुंचे थे।

ELVISH YADAV 12

एल्विश यादव पर आरोप लगने के बाद उनका एक वीडियो भी काफी चर्चा में आया था। इस वीडियो में एल्विश यादव एक विदेशी युवती के साथ थे। उनके हाथ में सांप था। एल्विश यादव ने इस वीडियो पर सफाई दी थी कि ये एक म्यूजिक अल्बम का हिस्सा है। अब एल्विश यादव को नोएडा पुलिस तीसरी बार पूछताछ का नोटिस भेजने वाली है। नोएडा पुलिस गिरफ्तार लोगों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर चुकी है। माना जा रहा है कि अब एल्विश से ताजा सवाल कर नोएडा पुलिस इस मामले की तह तक जाने की तैयारी में है।