newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Sanjauli Masjid Row: हिमाचल प्रदेश में थम नहीं रहा संजौली मस्जिद के अवैध निर्माण का विवाद, हिंदू संगठनों ने आज 2 घंटे के बंद का आह्वान किया

Sanjauli Masjid Row: बीते दिनों संजौली मस्जिद मामले में प्रदर्शन के दौरान पुलिस की तरफ से लाठीचार्ज किए जाने के विरोध में हिंदू संगठन ने हिमाचल प्रदेश में बंद का आह्वान किया है। हिंदू संगठनों ने इस मसले पर हिमाचल प्रदेश में कई जगह प्रदर्शन करने का एलान भी किया है।

शिमला। हिमाचल प्रदेश में आज दोपहर 1.30 बजे तक सभी बाजार बंद रहेंगे। हिंदू जागरण मंच और वीएचपी ने इस बंद का आह्वान किया है। बीते दिनों संजौली मस्जिद मामले में प्रदर्शन के दौरान पुलिस की तरफ से लाठीचार्ज किए जाने के विरोध में हिंदू संगठन ने हिमाचल प्रदेश में बंद का आह्वान किया है। हिंदू संगठनों ने इस मसले पर हिमाचल प्रदेश में कई जगह प्रदर्शन करने का एलान भी किया है। हिंदू जागरण मंच के नेता और संजौली मस्जिद के खिलाफ आंदोलन करने वाले गौतम ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने प्रदर्शन करने वालों से बर्बर व्यवहार किया।

हिंदू जागरण मंच ने कहा है कि व्यापारियों की तरफ से प्रशासन को बताने की जरूरत है कि अगर हिंदुओं से द्वेषपूर्ण व्यवहार किया गया, तो इसे सहन नहीं किया जाएगा। शिमला की संजौली मस्जिद में अवैध निर्माण का मुद्दा आजकल हिमाचल प्रदेश में गर्माया हुआ है। संजौली की मस्जिद के अवैध निर्माण के खिलाफ हिंदू संगठनों और जनता ने बीती 11 सितंबर को शिमला में जमकर प्रदर्शन किया था। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस का घेरा और बैरिकेड तोड़ दिया और संजौली मस्जिद की तरफ कूच करने की कोशिश की थी। पहले पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर वाटर कैनन का इस्तेमाल और फिर भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया था।

शिमला की इस संजौली मस्जिद में अवैध निर्माण के खिलाफ माहौल गर्माया हुआ है।

संजौली मस्जिद के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान पथराव का आरोप भी शिमला पुलिस ने लगाया है। पुलिस के अनुसार संजौली मस्जिद मामले में प्रदर्शन कर रहे लोगों ने जब पथराव किया, तब उसे लाठीचार्ज करना पड़ा। शिमला पुलिस ने शुक्रवार को एक वीडियो भी जारी किया था। जिसमें पथराव होता दिखा था। पथराव से कई पुलिसकर्मियों को चोट लगने का भी दावा किया गया है। वहीं, संजौली मस्जिद के अवैध निर्माण को मस्जिद कमेटी ने खुद तोड़ने का प्रस्ताव दिया है। इससे पहले हिमाचल प्रदेश सरकार में मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भी कहा था कि अगर अवैध निर्माण हुआ है, तो उसे तोड़ा जाएगा। हिमाचल की कांग्रेस सरकार के मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने भी संजौली मस्जिद का मसला विधानसभा में उठाया था। उन्होंने लव जिहाद और बाहरियों की घुसपैठ और कारोबार पर कब्जे के आरोप भी लगाए थे।