newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Sonu Nigam Manhandled: उद्धव गुट के विधायक के बेटे ने सोनू निगम से की धक्कामुक्की और बदसलूकी, देखिए Video

सोनू निगम ने इस मामले की शिकायत मुंबई के चेंबूर थाने में की है। पुलिस जांच कर रही है और धक्कामुक्की करने वालों की पहचान कराई जा रही है। पुलिस के मुताबिक बदसलूकी कांड में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। खबर लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

मुंबई। उद्धव ठाकरे के गुट के विधायक प्रकाश फटेरपेकर अब सुर्खियों में हैं। इसकी वजह उनका बेटा स्वप्निल फटेरपेकर बना है। विधायक प्रकाश के बेटे स्वप्निल पर आरोप है कि उसने साथियों के साथ मिलकर सिंगर सोनू निगम और उनके साथ के लोगों से धक्कामुक्की और बदसलूकी की। इससे सोनू के उस्ताद के बेटे रब्बानी खान को चोट भी लगी। सोनू निगम ने इस मामले की शिकायत मुंबई के चेंबूर थाने में की है। पुलिस जांच कर रही है और धक्कामुक्की करने वालों की पहचान कराई जा रही है। पुलिस के मुताबिक बदसलूकी कांड में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। खबर लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

singer sonu nigam at chembur police station
मुंबई के चेंबूर थाने में घटना की शिकायत दर्ज कराते सिंगर सोनू निगम।

ये मामला सोमवार रात का है। जानकारी के मुताबिक उद्धव खेमे के विधायक प्रकाश फटेरपेकर ने चेंबूर फेस्टिवल कराया। इसके फाइनल के दौरान सोनू निगम ने परफॉर्म किया। बताया जा रहा है कि इस दौरान विधायक प्रकाश फटेरपेकर के बेटे स्वप्निल ने पहले सोनू निगम की मैनेजर से बदसलूकी की। इसके बाद जब सोनू निगम और उनके साथी रब्बानी खान स्टेज से उतर रहे थे, तो उनसे भी धक्कामुक्की की गई। सोनू निगम के बॉडीगार्ड को भी धक्का दिया गया। बॉडीगार्ड की सतर्कता की वजह से सोनू निगम को किसी तरह की चोट नहीं लगी है।

सोनू निगम ने पुलिस में जो शिकायत दी है, उसके मुताबिक धक्कामुक्की से रब्बानी खान स्टेज से नीचे गिर गए। उनको कई जगह चोट लगी। रब्बानी को हॉस्पिटल ले जाना पड़ा। जहां प्राथमिक चिकित्सा के बाद उनको घर भेजा गया। सोनू निगम और अन्य से बदसलूकी और धक्कामुक्की का वीडियो वायरल हो गया है। इस वीडियो में पूरी घटना दिख रही है। न्यूज चैनल आजतक के मुताबिक सोनू निगम घटना से शॉक में हैं। उन्होंने इस मामले में मीडिया से फिलहाल बात करने से इनकार कर दिया है। बता दें कि सोनू निगम ने अजान के खिलाफ आवाज उठाई थी। जिससे बड़ा विवाद पैदा हो गया था।