
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन पर आफत के बादल मंडरा रहे हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव में हार के बाद अब आप नेताओं को एक और बड़ा झटका लगा है। सिसोदिया और जैन के खिलाफ भ्रष्टाचार मामले में आगे की जांच के लिए केंद्रीय गृहमंत्रालय ने अपनी अनुमति दे दी है। दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना के कार्यालय की तरफ से इस संबंध में जानकारी उपलब्ध कराई गई है। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत विजिलेंस विभाग ने दिल्ली सरकार के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया और पूर्व पीडब्ल्यूडी मंत्री सत्येंद्र जैन के खिलाफ जांच की अनुमति मांगी थी। ये दोनों ही नेता अलग-अलग मामलों में जेल जा चुके हैं और फिलहाल जमानत पर हैं।
मनीष सिसोदिया को शराब घोटाला मामले में ईडी ने गिरफ्तार किया था। जिसके बाद उन्हें काफी समय तिहाड़ जेल में गुजारना पड़ा था। ईडी ने अपनी चार्जशीट में सिसोदिया को शराब घोटाले में अरविंद केजरीवाल के बाद प्रमुख आरोपी बनाया है। वहीं सत्येंद्र जैन पर मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप लगे थे जिसके बाद उन्हें तिहाड़ की हवा खानी पड़ी थी। जैन पर आरोप है कि उन्होंने डमी कंपनियों के जरिए मनी लॉन्ड्रिंग की थी। इसी आरोप में मई 2022 को उनकी गिरफ्तारी हुई थी। वैसे तिहाड़ जेल में बंद रहने के दौरान भी सत्येंद्र जैन के कुछ वीडियो सामने आए थे। इन वीडियो में सत्येंद्र जैन जेल के अंदर अपनी आवाभगत करा रहे थे।
एक वीडियो में जैन एक कैदी से अपने पैर और पीठ की मालिश कराते दिखे। वहीं एक अन्य वीडियो में वो जेल से बाहर से लाया गया खाना खाते दिखे थे। इसी तरह से तिहाड़ में ही बंद महाठग सुकेश चंद्रशेखर ने भी सत्येंद्र जैन पर धमकाने और धन उगाही का आरोप लगाया था। अभी हाल ही में दिल्ली की राउज एवेंयू कोर्ट ने पूर्व सीएम और आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल और पार्टी के दो अन्य नेताओं पर जनता के पैसों का दुरुपयोग करने के आरोप में एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया है।