newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Uproar In Chattisgarh Congress: ‘प्रभारी कुमारी सैलजा और अंदर के लोगों की वजह से छत्तीसगढ़ हारे’, कांग्रेस के पूर्व विधायक के बयान से पार्टी में घमासान

छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा के बारे में बृहस्पत सिंह के बयान से कांग्रेस में उनके खिलाफ भी आवाज उठी है। विधायक राघवेंद्र सिंह और कविता प्राण लहरे के अलावा बिलासपुर से पूर्व विधायक शैलेष पांडेय ने बृहस्पत सिंह के खिलाफ मोर्चा खोला है। उन्होंने बृहस्पत के बयान पर क्या कहा ये भी पढ़िए।

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में हारकर सत्ता से बाहर हुई कांग्रेस में आरोप-प्रत्यारोप की झड़ी लगी हुई है। बीते दिनों पूर्व डिप्टी सीएम और अंबिकापुर सीट से हारने वाले टीएस सिंहदेव ने कांग्रेस की हार के लिए सभी को जिम्मेदार बताया था। अब कांग्रेस के पूर्व विधायक बृहस्पत सिंह के बयान से कांग्रेस में माहौल और गरमा गया है। कांग्रेस के पूर्व विधायक बृहस्पत सिंह ने पार्टी आलाकमान से मांग की है कि राज्य कांग्रेस प्रभारी पद से तुरंत कुमारी सैलजा को हटाया जाए। बृहस्पत सिंह ने आरोप लगाया कि कुमारी सैलजा लगातार टीएस सिंहदेव को हीरो की तरह प्रमोट करती रहीं। कुमारी सैलजा पर ये आरोप भी बृहस्पत सिंह ने लगाया है कि उन्होंने ये जानने की कोशिश नहीं की कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस में चल क्या रहा है और इसी वजह से चुनाव में पार्टी की दुर्दशा हुई है।

कुमारी सैलजा, टीएस सिंहदेव और भूपेश बघेल।

बृहस्पत सिंह ने आरोप लगाया है कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस संगठन का काम पूरी तरह शून्य हो गया था। उन्होंने ये भी कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की ये हार अंदर के लोगों की वजह से ही हुई है। सैलजा के बारे में बृहस्पत सिंह का आरोप ये भी है कि वो टिकट वितरण के मामले में बिक चुकी थीं। उधर, बृहस्पत सिंह के इस बयान के बाद कांग्रेस में उनकी मुखालिफत में भी कई नेता उतर आए हैं। छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा के बारे में बृहस्पत सिंह के बयान से कांग्रेस में उनके खिलाफ भी आवाज उठी है। विधायक राघवेंद्र सिंह और कविता प्राण लहरे के अलावा बिलासपुर से पूर्व विधायक शैलेष पांडेय ने बृहस्पत सिंह के खिलाफ मोर्चा खोला है। कविता ने शैलजा पर बृहस्पत के बयान को महिला सम्मान को ठेस पहुंचाने वाला और शर्मनाक बताया है।

sonia gandhi rahul bhupesh baghel

उधर, विधायक राघवेंद्र सिंह ने बृहस्पत सिंह के बयान को अनुशासनहीनता करार दिया है। राघवेंद्र ने मीडिया से कहा कि कुमारी सैलजा के बारे में बृहस्पत ने जो कहा, उसे हरगिज स्वीकार नहीं किया जा सकता। राघवेंद्र ने कहा कि बृहस्पत के शब्दों से वो दुखी हैं। वहीं, पूर्व विधायक शैलेष पांडेय ने कहा है कि बृहस्पत सिंह का बयान पार्टी के लिए घातक है। शैलेष ने ये तक कहा कि कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल खड़ा करने वालों को पार्टी से निकाल देना चाहिए। गौर करने वाली बात ये भी है कि बृहस्पत सिंह और टीएस सिंहदेव के बीच छत्तीस का आंकड़ा रहा है।