newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Bihar Communal Violence: बिहार में सांप्रदायिक हिंसा की और घटनाएं, बिहार शरीफ में फायरिंग में मौत के बाद कर्फ्यू, सासाराम में बम फटा, जानिए अपडेट

बिहार के सासाराम और बिहार शरीफ में सांप्रदायिक हिंसा थमती नहीं दिख रही है। सासाराम में शनिवार को धारा 144 लागू होने के बाद शेरगंज इलाके में बम फटा। इसमें 6 लोग घायल हुए। वहीं, बिहार शरीफ में भी कई राउंड फायरिंग हुई। इसमें 3 लोग घायल हुए। इनमें से एक की मौत होने की खबर है।

बिहार शरीफ/सासाराम। बिहार के सासाराम और बिहार शरीफ में सांप्रदायिक हिंसा थमती नहीं दिख रही है। सासाराम में शनिवार को धारा 144 लागू होने के बाद शेरगंज इलाके में बम फटा। इसमें 6 लोग घायल हुए। जिले के डीएम ने बम धमाके की पुष्टि की है। उन्होंने सघन जांच की बात कही है। रोहतास पुलिस के मुताबिक बम की हैंडलिंग करने से वो फट गया। वहीं, बिहार शरीफ में भी कई राउंड फायरिंग हुई। इसमें 3 लोग घायल हुए। इनमें से एक की मौत होने की खबर है। इस घटना के बाद बिहार शरीफ में नालंदा जिले के डीएम शशांक शुभंकर ने कर्फ्यू लागू कर दिया। बिहार शरीफ प्रशासन के मुताबिक पहाड़पुरा इलाके में 12 और तकिया इलाके में 6 राउंड फायरिंग की गई। ऐसा करने वालों की धरपकड़ की कोशिश पुलिस कर रही है।

sasaram communal violence 2

सासाराम में स्कूल-कॉलेज और मदरसे 4 अप्रैल तक बंद रखने का प्रशासन ने आदेश दिया है। रामनवमी के बाद सासाराम में जमकर हिंसा हुई थी। जिसकी आंच बिहार शरीफ तक पहुंच गई। बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने शनिवार को इस मामले में पत्रकारों से कहा था कि जांच चल रही है, लेकिन इन घटनाओं में उनको बड़ी साजिश दिखाई दे रही है। सासाराम के साथ रोहतास जिला मुख्यालय में भी मोबाइल इंटरनेट पूरी तरह बंद कर दिया गया है। सासाराम में हालात को कंट्रोल में करने के लिए पुलिस के अलावा पैरा मिलिट्री और एसटीएफ को लगाया गया है। सुरक्षाबलों से कई इलाकों में प्रशासन ने फ्लैग मार्च कराया है। शहर छावनी के रूप में दिख रहा है।

sasaram communal violence 3

सासाराम में सांप्रदायिक हिंसा के मामले में पुलिस ने अब तक 26 लोगों को गिरफ्तार किया है। रोहतास से भी 2 लोग गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति व्यवस्था कायम रखने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि भ्रामक सूचना देने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल माहौल तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताए जा रहे हैं।