नई दिल्ली। देश के तमाम हिस्सों में ठंड के फिर बढ़ने के दिन आ रहे हैं। मौसम विभाग का ताजा अनुमान इसी तरफ संकेत कर रहा है। मौसम विभाग के अनुसार देश के कई राज्यों में मौसम करवट लेगा और बारिश की झड़ी लगेगी। बारिश होने के कारण कंपाने वाली ठंड फिर लोगों को परेशान करने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में रविवार तक बारिश हो सकती है। इसके अलावा यूपी, बिहार और झारखंड में भी सोमवार से 15 फरवरी तक बारिश के आसार हैं। इनके अलावा आज से 14 फरवरी तक पूर्वी मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के विदर्भ इलाके में भी बारिश होने का अनुमान मौसम विभाग ने लगाया है। मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा इलाकों में भी हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।
#WATCH | Delhi: People sit around the bonfire to keep themselves warm as cold weather conditions continue in the national capital.
(Visuals from Chandani Chowk, shot at 6.20 am) pic.twitter.com/NdQIfG4T5E
— ANI (@ANI) February 10, 2024
इन राज्यों के अलावा मौसम विभाग ने ओडिशा में भी कुछ जगह रविवार और सोमवार को बारिश का अनुमान लगाया है। पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तरी राजस्थान, बिहार, मध्यप्रदेश, सिक्किम और पश्चिम बंगाल में शीतलहर भी होने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है। पंजाब और हिमाचल प्रदेश में बीते 24 घंटे में शीतलहर देखी गई। मैदानी इलाकों में भी अभी ठंड काफी है। पिछले 24 घंटे में हरियाणा के सीकर में सबसे कम तापमान रहा। सीकर में न्यूनतम तापमान 2.7 डिग्री दर्ज किया गया। अब बारिश होने से मैदानी इलाकों में ठंड फिर लोगों को कंपाने का काम कर सकती है। माना जा रहा है कि फरवरी का पूरा महीना ही ठंड के कारण लोगों को दिक्कत होगी। तेज चलने वाली हवा से भी ठंड में बढ़ोतरी होने के आसार हैं।
दिसंबर के अंत से इस बार कड़ाके की ठंड शुरू हुई थी। पूरे जनवरी के महीने में उत्तर भारत को ठंड ने कंपाया। इसके अलावा कोहरा होने के कारण भी लोगों को तमाम दुश्वारियों का सामना करना पड़ा। कोहरे के कारण ट्रेनें और फ्लाइट लगातार लेट होते रहे। एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ के कारण भी पहाड़ी इलाकों में जमकर बर्फ गिरी और इससे मैदानी इलाकों में ठंड का असर बना रहा। बर्फ के कारण जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में दर्जनों की संख्या में सड़कें भी बंद हो गई थीं। जिनको मशक्कत के बाद खोला जा सका।