newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Digvijay Singh Viral Video : बाबरी मस्जिद और दंगों को लेकर यह क्या बोल गए दिग्विजय सिंह, बीजेपी ने घेरा, कहा-ये है उनका कबूलनामा

Digvijay Singh Viral Video : मध्य प्रदेश के सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश नारंग ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने ही इस देश की आबो हवा को बिगाड़ने का काम किया है। दिग्विजय सिंह ने जिस प्रकार से बाबरी मस्जिद के शहीद होने की बात कही है इससे बड़ा आपत्तिजनक कुछ नहीं हो सकता। उनके दिल की बात, उनका षडयंत्र खुद उनकी जुबान से सामने आ गया।

नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। यह वीडियो मुस्लिम समाज द्वारा आयोजित सद्भावना सम्मेलन कार्यक्रम का है जिसमें बोलते हुए दिग्विजय सिंह कहना कुछ चाह रहे थे और उनके मुंह से निकल कुछ और गया। उन्होंने कहा कि जब बाबरी मस्जिद शहीद हुई थी तब उस समय मैं कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष था। मैं लगभग दो हफ्ते तक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के दफ्तर में रात में रहा, घर नहीं जाता था। लेकिन हिंदू-मुसलमानों को जोड़कर हमने दंगा फसाद होने में पूरी कोशिश की। दरअसल वो कहना चाह रहे थे कि हमने दंगा फसाद रोकने में पूरी कोशिश की।

वहीं दिग्विजय सिंह के इस वीडियो के जरिए बीजेपी ने उनको निशाने पर लिया है। मध्य प्रदेश के सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश नारंग ने दिग्विजय सिंह का यह वीडियो अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर पोस्ट किया है। इस वीडियो के साथ ही उन्होंने लिखा है, सुनिए दिग्विजय सिंह का काबूलनामा! बाबरी मस्जिद शहीद होने पर दंगे हमने करवाए। इसके बाद पत्रकारों से बात करते हुए मंत्री सारंग ने कहा कि दिग्विजय सिंह खुद कह रहे हैं कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए मैंने दंगा फसाद कराया। यह सुनिश्चित करता है कि देश में दंगा फसाद कराने के पीछे सिर्फ और सिर्फ कांग्रेस है।

बीजेपी नेता ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने ही इस देश की आबो हवा को बिगाड़ने का काम किया है। दिग्विजय सिंह ने जिस प्रकार से बाबरी मस्जिद के शहीद होने की बात कही है इससे बड़ा आपत्तिजनक कुछ नहीं हो सकता। उनके दिल की बात, उनका षडयंत्र खुद उनकी जुबान से सामने आ गया। यह उनके चाल, चरित्र और कारनामों को उजागर करता है कि देश में, प्रदेश में दंगे कराने वाले दिग्विजय सिंह हैं। वहीं दिग्विजय सिंह के इस वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर भी तरह तरह के कमेंट कर रहे हैं।