newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Who Is Vijaya Rahatkar In Hindi? : कौन हैं राष्ट्रीय महिला आयोग की नई अध्यक्ष विजया राहटकर? जानिए इनके बारे में सब कुछ

Who Is Vijaya Rahatkar In Hindi? : राष्ट्रीय महिला आयोग का अध्यक्ष पद संभालने वाली विजया महाराष्ट्र की पहली महिला हैं। उन्हें केंद्रीय राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त होगा और उनका कार्यकाल तीन साल का होगा। विजया इससे पहले महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुकी हैं।

नई दिल्ली। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने विजया किशोर राहटकर को राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष नामित किया है। विजया इससे पहले महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुकी हैं। राष्ट्रीय महिला आयोग का अध्यक्ष पद संभालने वाली विजया महाराष्ट्र की पहली महिला होंगी। उन्हें केंद्रीय राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त होगा और उनका कार्यकाल तीन साल का होगा। विजया काफी समय से हिंसा पीड़ित महिलाओं की आवाज उठाते हुए उनकी मदद कर रही हैं। एसिड अटैक पीड़ित महिलाओं की सहायता के लिए उन्होंने सक्षमा नाम का एक ग्रुप बनाया है। इसके अलावा महिलाओं की सुरक्षा के लिए 24 घंटे काम करने वाली सुहिता हेल्पलाइन सेवा के साथ भी विजया जुड़ी रही हैं।

केंद्र सरकार की प्रज्ज्वला योजना के साथ महिलाओं को जोड़ने में सक्षमा ग्रुप ने बहुत अहम भूमिका निभाई है। बाल यौन शोषण और तीन तलाक पीड़िताओं के हित में भी उन्होंने बहुत काम किया है। महिलाओं के कानूनी अधिकारों को लेकर विजया ‘विधिलिखित’ और ‘औरंगाबाद : लीडिंग टू वाइड रोड्स’ टाइटल वाली दो किताबें भी लिख चुकी हैं। इन किताबों की वजह से विजया की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर हुई। उन्होंने साद नामक एक पब्लिकेशन भी शुरू किया था। विजया बेटियों के लिए डिजिटल साक्षरता जैसी मुहिम भी चला चुकी हैं।

महिला सुरक्षा संबंधी अपने विशिष्ट कार्यों के लिए विजया को राष्ट्रीय कानून पुरस्कार और सावित्रीबाई फुले पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है। बीजेपी के साथ बहुत लंबे समय से जुड़ीं विजया को राजस्थान विधानसभा चुनाव में पार्टी का उप प्रभारी नियुक्त किया गया था। विजया राहटकर साल 2007 से 2010 तक चैत्रपाती संभाजीनगर की मेयर भी रह चुकी हैं। इसके अलावा वो अखिल भारतीय मेयर काउंसिल की उपाध्यक्ष का पद भी संभाल चुकी हैं। विजया के अलावा केंद्र सरकार ने अर्चना मजूमदार को राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य के रूप में नामित किया है।