newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Who Is Vijender Gupta In Hindi? : कौन हैं विजेंदर गुप्ता? जिनको बीजेपी सौंपने जा रही है दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी

Who Is Vijender Gupta In Hindi? : विजेंदर गुप्ता ने खुद इस बात की पुष्टि की है कि बीजेपी ने उन्हें दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष के पद पर आसीन होना तय किया है। उन्होंने कहा, दिल्ली विधानसभा लोकतंत्र का मंदिर है और मैं चाहता हूं कि विधानसभा अपने नियम और कानून से चले।

नई दिल्ली। दिल्ली में बीजेपी की नई सरकार का शपथ ग्रहण हो गया है। इसी के साथ अब विधानसभा अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी बीजेपी विजेदर गुप्ता को सौंपने जा रही है। विजेंदर गुप्ता ने खुद इस बात की पुष्टि की है कि उनको पार्टी आलाकमान से अध्यक्ष पद के लिए हरी झंडी मिल चुकी है। पत्रकारों ने जब बीजेपी विधायक विजेंदर गुप्ता से इस बारे में सवाल किया तो उन्होंने कहा, पार्टी ने तय किया है कि मुझे दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष के पद पर विराजमान होना है। उन्होंने कहा, दिल्ली विधानसभा लोकतंत्र का मंदिर है और मैं चाहता हूं कि विधानसभा अपने नियम और कानून से चले।

विजेंदर गुप्ता ने कहा, मैं सदन की गरिमा बढ़ाने के लिए काम करूंगा, मेरी प्राथमिकता दिल्ली का विकास सुनिश्चित करना है। विजेंदर गुप्ता रोहिणी विधानसभा सीट से लगातार तीसरी बार विधायक चुने गए हैं। साल 2015 विधानसभा चुनाव में जब दिल्ली में बीजेपी के हिस्से में सिर्फ तीन सीट गई थीं तब विजेंदर गुप्ता पहली बार विधायक बने थे। इसके बाद 2020 में वो इसी सीट से दूसरी बार विधायक बने और अब जनता ने उनको तीसरी बार चुना है। इससे पहले आम आदमी पार्टी सरकार में वो दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष थे। गुप्ता रोहिणी से ही तीन बार नगरपालिका चुनाव भी जीत चुके हैं।

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ से अपनी राजनीति की शुरुआत करने वाले विजेंदर गुप्ता दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। विजेंदर गुप्ता ने पहली बार 1997 में एमसीडी पार्षद का चुनाव लड़ा था और उसमें जीत भी दर्ज कराई थी। साल 2009 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी की टिकट पर गुप्ता चांदनी चौक से चुनाव लड़े थे मगर कांग्रेस के कपिल सिब्बल ने उन्हें हरा दिया था। साल 2013 में विजेंदर गुप्ता नई विधानसभा दिल्ली सीट से शीला दीक्षित और अरविंद केजरीवाल के खिलाफ चुनाव लड़े थे, हालांकि उसमें उनकी हार हो गई थी।