newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Who Is Yasin Bhatkal In Hindi: कौन है यासीन भटकल और क्यों हो रही उसकी एक बार फिर चर्चा?, दिल्ली समेत कई जगह बम धमाके कर ले चुका सैकड़ों बेगुनाहों की जान!

Who Is Yasin Bhatkal In Hindi: आतंकी संगठन इंडियन मुजाहिदीन के संस्थापकों में से एक यासीन भटकल एक बार फिर चर्चा में है। यासीन भटकल को आतंकवाद के एक मामले में फांसी की सजा सुनाई जा चुकी है। कई बम धमाकों का उस पर आरोप है। यासीन भटकल अब मां से मिलने के लिए पैरोल मांग रहा है।

नई दिल्ली। आतंकी संगठन इंडियन मुजाहिदीन के संस्थापकों में से एक यासीन भटकल एक बार फिर चर्चा में है। यासीन भटकल को आतंकवाद के एक मामले में फांसी की सजा सुनाई जा चुकी है। अब यासीन भटकल पैरोल चाहता है। यासीन भटकल ने अदालत में कहा है कि उसके मां के दिल की सर्जरी हुई है। वो मां से मिलना चाहता है। यासीन भटकल को नेपाल सीमा से अगस्त 2013 में गिरफ्तार किया गया था। उस पर 10 लाख रुपए का इनाम था। यासीन भटकल उत्तरी कर्नाटक के भटकल का रहने वाला है। उसका असली नाम अहमद सिद्दीबप्पा है।

आतंकी गतिविधियों में यासीन भटकल का नाम सबसे पहले 2005 में आया था। दिल्ली में साल 2008 में हुए सीरियल बम ब्लास्ट मामले में भटकल पर आरोप लगा था। इन बम धमाकों में 26 लोगों की जान गई थी और 135 लोग घायल हुए थे। इसके अलावा 2010 में पुणे की जर्मन बेकरी में बम धमाका कर 17 लोगों की जान लेने का भी उस पर आरोप है। 2010 में ही बेंगलुरु में क्रिकेट मैच के दौरान स्टेडियम के बाहर बम धमाके में भी यासीन भटकल का हाथ रहा है। साल 2011 में दिल्ली हाईकोर्ट के बाहर हुए बम धमाके का आरोप भी यासीन भटकल पर है। इंडियन मुजाहिदीन के लिए युवाओं की भर्ती करने और उनको आतंकी गतिविधियों के लिए फंड मुहैया कराने का आरोप भी यासीन भटकल पर लगा है। उस पर 2012 में भारत के खिलाफ युद्ध छेड़ने का आरोप लगाया गया था।

पुणे में इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले यासीन भटकल की दोस्ती वहां इकबाल भटकल से हुई। उसने यासीन भटकल को आतंकवाद की तरफ मोड़ा और फिर इंडियन मुजाहिदीन का वो हिस्सा बना। दिल्ली के बटला हाउस में जब पुलिस ने छापा मारकर आतंकियों को मार गिराया, तो उसमें भी यासीन भटकल का नाम आया था। यासीन भटकल को साल 2008 में कोलकाता में गिरफ्तार किया गया था। तब उस पर जाली नोट चलाने का आरोप लगा था। बाद में यासीन भटकल इस मामले में छूट गया था। खुफिया एजेंसियों के मुताबिक यासीन भटकल पाकिस्तान चला गया था। फिर नेपाल के रास्ते भारत आने की कोशिश में धरा गया।