newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Weather: आ रहा है एक और पश्चिमी विक्षोभ, हिमाचल के लिए यलो अलर्ट जारी; जानिए आपके इलाके में कैसा रहेगा मौसम

Weather: जनवरी से शुरू हुई ठंड अब तक बरकरार है। पहले लग रहा था कि मार्च के पहले हफ्ते में मौसम सुहाना हो जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अब मौसम विभाग ने एक और पश्चिमी विक्षोभ आने की बात कही है। मौसम विभाग के मुताबिक 11 मार्च से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा।

नई दिल्ली। जनवरी से शुरू हुई ठंड अब तक बरकरार है। पहले लग रहा था कि मार्च के पहले हफ्ते में मौसम सुहाना हो जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अब मौसम विभाग ने एक और पश्चिमी विक्षोभ आने की बात कही है। मौसम विभाग के मुताबिक 11 मार्च से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इस ताजा पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी होगी और मैदानी इलाकों में कई जगह बारिश देखने को मिलेगी। यानी फिलहाल ठंड का असर बने रहने के पूरे आसार हैं।

मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक नया पश्चिमी विक्षोभ 11 मार्च को दस्तक देगा। इसके असर से 13 मार्च तक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में ऊंचाई वाले इलाकों में खूब बर्फबारी और बारिश होगी। 13 और 14 मार्च को इस पश्चिमी विक्षोभ के कारण मैदानी इलाकों में कई जगह बारिश का भी अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार 10 से 12 मार्च तक पंजाब और हरियाणा में बारिश होने की संभावना है। वहीं, 13 मार्च को पश्चिमी यूपी में भी कई जगह बारिश होगी। बारिश के साथ ही इन इलाकों में तेज हवा भी चलेगी। इससे ठंड काफी महसूस होगी। मौसम विभाग ने 11 से 13 मार्च के बीच हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी और बारिश का यलो अलर्ट भी जारी किया है।

इन इलाकों के अलावा पश्चिम बंगाल के गंगा तट के इलाकों, ओडिशा, दक्षिण केरल में भी बारिश का अनुमान मौसम विभाग ने लगाया है। ताजा अनुमान के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ का ये दौर खत्म होने के बाद तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। मध्यप्रदेश से लेकर दक्षिण भारत तक तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इन इलाकों में मौसम का यही रुख बना रहेगा। इस बार ठंड के मौसम में कई पश्चिमी विक्षोभ आए। इस वजह से मार्च का पहला हफ्ता बीतने के बावजूद ठंड का असर बना हुआ है। 15 मार्च के बाद से अब मौसम खुशनुमा होने की संभावना जताई जा रही है।