
नई दिल्ली। यस बैंक के घोटालेबाज राणा कपूर का नाम प्रियंका गांधी से जुड़ गया है। बीजेपी कांग्रेस पर जमकर हमला कर रही है। इससे पहले बीजेपी ने राणा कपूर के साथ चिदंबरम की तस्वीरें जारी की थी। अब इस कड़ी में नया नाम प्रियंका का जुड़ा है।
जानकारी के मुताबिक, यूपीए सरकार के दौरान प्रियंका गांधी की पेंटिंग्स को राणा कपूर ने 2 करोड़ रुपये में खरीदा था। इनकम टैक्स डिपार्टमेंट भी इस मामले की जांच में जुटा है। अब आलम यह है कि बीजेपी आरोप लगा रही है और कांग्रेस सफाई दे रही है।
बीजेपी ने आरोप लगाते हुए पूछा है कि भारत में हर वित्तीय अपराध गांधी परिवार से जुड़ा क्यों होता है? उधर कांग्रेस पार्टी ने प्रियंका गांधी और राणा कपूर के बीच हुए सौदे को स्वीकार किया है। पर कांग्रेस के मुताबिक इससे क्या फ़र्क़ पड़ता है। अगर प्रियंका गांधी ने कोई चीज बेची है और किसी ने खरीदी है, खरीददार को देखा नहीं जाता। जो पैसे देता है वह खरीद लेता है।
बीजेपी ने कांग्रेस के पुराने मामले भी गिना दिए हैं। बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने कहा कि माल्या सोनिया गांधी के फ्लाइट टिकट अपग्रेड करता था। उसकी मनमोहन सिंह और पी चिदंबरम तक पहुंच थी, अब भगोड़ा है। राहुल ने नीरव मोदी के जूलरी कलेक्शन का उद्घाटन किया, उसने डिफॉल्ट किया। राणा ने प्रियंका गांधी की पेंटिंग्स खरीदी।