newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Ziva Dhoni: सोशल मीडिया पर धोनी की बेटी जीवा को धमकी देने वाला गुजरात में गिरफ्तार

Ziva Dhoni: भाजपा(BJP) के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश(Deepak Prakash) ने हेमंत सोरेन सरकार को धमकी दी थी कि जीवा को धमकी देने वालों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया, तो उनकी पार्टी पूरे प्रदेश में सड़क पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की पांच साल की बेटी जीवा धोनी को सोशल मीडिया पर कथित रूप से धमकी देने वाले शख्स को गुजरात से गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार किए गए लड़के की उम्र 16 साल है और उसे रविवार (11 अक्टूबर, 2020) को गुजरात के कच्छ स्थित मुंद्रा में पकड़ लिया गया है। इसे गुजरात के मुंद्रा के नामना कपाया गांव से पकड़ा गया है। उसे रांची पुलिस के हवाले कर दिया जायेगा। उधर रांची में जीवा धोनी को कड़ी सुरक्षा में रखा गया है। गिरफ्तारी को लेकर कच्छ (पश्चिम) के पुलिस अधीक्षक सौरभ सिंह ने कहा, ‘12वीं कक्षा के छात्र को धौनी की पत्नी साक्षी धौनी के इंस्टाग्राम पर कुछ दिन पहले पोस्ट किये गये भद्दे धमकी भरे के मैसेज के संबंध में पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।’ पुलिस ने कहा कि उसने कोलकाता नाइट राइडर्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच इंडियन प्रीमियर लीग 2020 मैच के बाद इंस्टाग्राम पर धमकी भरे संदेश पोस्ट किये थे और उसने इस बात को स्वीकार भी किया है।

MS Dhoni

सौरभ सिंह ने कहा कि रांची पुलिस ने इस लड़के के संबंध में कच्छ (पश्चिम) पुलिस के साथ सूचना साझा की थी। लड़के से पूछा भी गया था कि, क्या इसी ने धमकी भरे संदेश पोस्ट किये थे। जिसके जवाब में उसने स्वीकार किया है। उन्होंने कहा, ‘हमने रांची पुलिस की हमसे सूचना साझा किये जाने के बाद पूछताछ के लिए उसे हिरासत में लिया है। यह आरोपी कच्छ जिले में मुंद्रा का रहने वाला है।’ उन्होंने कहा, ‘हमने पुष्टि की कि यह लड़का वही है, जिसने संदेश पोस्ट किये थे। उसे रांची पुलिस को सौंप दिया जायेगा।’

jiva-dhoni-dna

बता दें आईपीएल के 13वें सीजन में सुपर किंग्स चेन्नई का प्रदर्शन फैंस के मन मुताबिक नहीं है। इसी के चलते चेन्नई सुपर किंग्स के खराब प्रदर्शन के बाद इंस्टाग्राम समेत अन्य सोशल साइट्स पर महेंद्र सिंह धोनी की बेटी जीवा धोनी एवं परिवार के खिलाफ अभद्र टिप्पणी के मामले में रांची पुलिस ने सख्त रुख अपनाया था। पीएसआइ रवि शंकर के बयान पर रातू थाना में आइपीसी की धारा 506 और आइटी एक्ट 67 के तहत कांड संख्या 322/20 दर्ज किया गया। इसमें आरोपियों को अभियुक्त बनाया गया। इससे पूर्व धौनी एवं उनके परिजनों से प्राथमिकी की सहमति ली गयी।

उधर इस धमकी के बाद से धोनी का पूरा परिवार सहम सा गया था, जिसके बाद से उनके घर की सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने हेमंत सोरेन सरकार को धमकी दी थी कि जीवा को धमकी देने वालों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया, तो उनकी पार्टी पूरे प्रदेश में सड़क पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी