Travel Tips: विदेश जाना नहीं रहेगा अब सपना, सस्ते में कर सकते हैं इन देशों की यात्रा

Travel Tips: जिनके पास ज्यादा पैसे नहीं होते विदेश जाना उनके लिए एक सपने जैसा होता है। तो अगर आप भी उसी कैटेगरी में आते हैं, जिनके लिए विदेश जाना केवल एक सपना है तो अब आपका ये सपना पूरा हो सकता है

Avatar Written by: May 24, 2022 4:54 pm

नई दिल्ली। घूमने का शौक रखने वालों को घूमने का बहाना चाहिए। जब जैसे मौका मिले घूमने निकल जाते हैं, फिर चाहें कोई साथ दे या न दे, परिवार के साथ, दोस्तों के साथ या फिर सोलो ट्रिप। कई बार तो वो बाइक से ही अपना ट्रैवल शुरू कर देते हैं। हालांकि, इनमें से कई लोग जिनके पास ज्यादा पैसे नहीं होते, विदेश जाना उनके लिए एक सपने जैसा होता है। तो अगर आप भी उसी कैटेगरी में आते हैं, जिनके लिए विदेश जाना केवल एक सपना है तो अब आपका ये सपना पूरा हो सकता है, क्योंकि हम कुछ ऐसे देशों के बारे  में बताने जा रहे हैं, जहां जाने के लिए आपको लाखों रूपये नहीं खर्च करने होंगे। आप कम पैसों में भी विदेश जाने का सपना पूरा कर सकते हैं। तो आइये, आपको बताते हैं कौन से हैं ऐसे देश जहां जाने के लिए लाखों रूपये खर्च करने की जरूरत नहीं होती…

नेपाल
भारत के बॉर्डर से सटा देश नेपाल की यात्रा पर आप जाने के लिए आपको बहुत अधिक पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं होगी। यहां आप सस्ते में अपना सफर पूरा करके बेहद कम समय में भारत वापस आ सकते हैं। यहां जाने के लिए आपको दिल्ली से काठमांडू के लिए फ्लाइट लेनी होगी, जो नेपाल पहुंचाने में मात्र डेढ़ घंटे का समय लेगी। यहां जाने के लिए कई बस सेवाएं भी उपलब्ध हैं। यहां की सबसे खास बात ये है कि नेपाल में भारतीय रुपये की कीमत काफी ज्यादा है। ऐसे में आप अपने बजट में ही नेपाल के खूबसूरत मठ, माउंट एवरेस्ट बेस कैंप, मंदिर आदि घूम सकते हैं। इतना ही नहीं, खरीदारी करने के लिए भी नेपाल काफी सस्ता देश है।

वियतनाम

शॉपिंग के लिहाज से वियतनाम काफी सस्ता देश है। यहां एक रुपये की भारतीय मुद्रा की कीमत 334.68 वियतनामी दोंग है। इसे दक्षिण पूर्व एशियाई के सबसे अच्छे देशों में शामिल किया जाता है। भारत से वियतनाम की यात्रा पर जाना काफी सस्ता है। यहां आपको कम पैसों में सुंदर समुद्र तट, लैंडस्केप, स्वादिष्ट स्ट्रीट फूड, गुफाएं आदि देखने को मिल जाएंगे।

श्रीलंका

पड़ोसी देश श्रीलंका भी काफी सस्ता है। भारत से श्रीलंका की यात्रा पर जाने के लिए केरल की ट्रिप से भी कम बजट में जाया जा सकता है। भारत के एक रुपये की कीमत 2.30 श्रीलंकाई रुपये के बराबर है। यहां आपको काफी सुंदर तटीय इलाके देखने को मिलेंगे। श्रीलंका दुनिया के सबसे पसंदीदी द्वीपों में से एक माना जाता है।

मलेशिया

भारत से मलेशिया मात्र चार घंटे की हवाई यात्रा करके पहुंचा जा सकता है। यहां पर्यटक भारी मात्रा में आते हैं। कुआलालंपुर मलेशिया के प्रमुख पर्यटन स्थलों में से एक है। यहां का स्काई स्क्रेप्स काफी प्रसिद्ध है। मलेशिया की गुफाएं देखने योग्य हैं। यहां पर स्थित बुकिट बिटांग जैसे बाजार खरीददारी के लिहाज से काफी अच्छे हैं।

भूटान

भारत का ये पड़ोसी देश वैसे तो सस्ता नहीं है, लेकिन भारत के साथ अच्छे रिश्ते होने और वहां की सरकार द्वारा भारतीयों को दी गई कुछ सौगातों के चलते भारतीयों के लिए यहां की यात्रा काफी सस्ती हो जाती है। दरअसल, भूटान की पर्यावरण और संस्कृति को बनाए रखने के लिए वहां की सरकार पर्यटकों से प्रति व्यक्ति रोजाना 14,264 रुपए का लेती है, जबकि भारतीयों को ऐसा कोई भी शुल्क नहीं देना पड़ता। यहां आप ठीक वैसे ही जा सकते हैं जैसे देश के अन्य राज्यों में जाते हैं, क्योंकि यहां जाने के लिए भारतीयों को वीजा की भी आवश्यकता नहीं। हिमालय की पहाड़ियों से ढ़के भूटान में आपको हिमालय के हसीन नजारे, शांत बौद्ध मठ और मस्ती करने के लिए मॉल रोड मिल जाएंगे। भूटान विश्व का पहला और एकमात्र कार्बन अवशोषित देश है।